सतना, देशबन्धु। कोटर थाना क्षेत्र के टिकुरी गांव में जमीन विवाद के बीच एक वृद्ध की हत्या कर देने का आरोप है। मृतक का शव जिला अस्पताल आने के बाद थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्रा भी जांच के लिए पहुंचे।
यहां मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर कार्यवाही आगे बढ़ाई गई। अभय सिंह निवासी टिकुरी ने बताया कि उनके पिता विशेषर सिंह पिता स्व. नर्मदा सिंह (65) की हत्या की गई है। अभय का कहना है कि उनके पिता का पुस्तैनी मकान टिकुरी चौराहे में है। जिसे 10 वर्ष पहले रमेश त्रिपाठी को किराए पर दे दिया था। कुछ समय बाद रमेश ने किराया देना बंद कर मकान खाली करने से मना कर दिया। ऐसे में न्यायालय कि शरण ली गई। अदालती कार्यवाही के बीच रमेश ने ब्रजेन्द्र सिंह को मकान का. कब्जा सौंप दिया।
लोन अधिकारी पहुंचे गांव
अभय ने बताया, सोमवार दोपहर 3 बजे लोन अधिकारी इसी विवादित मकान का फोटो ले रहे थे। तभी विशेषर के छोटे भाई इंद्रजीत सिंह मौके में पहुंचे और बैंक अधिकारियों को जानकारी देने लगे। इस बात से नाराज ब्रजेन्द्र सिंह परिवार सहित गाली गलौच करने लगे।
गला दबाकर मारा
विवाद शुरू होने पर वहां विशेषर पहुंचे तो
ब्रजेन्द्र सिंह, उसकी पत्नी रेखा सिंह, अभय राज सिंह, दीपू सिंह, साहिबी सिंह, रामगोपाल सिंह, रानी सिंह मारपीट करने लगे। आरोप है कि मारपीट के दौरान जब विशेषर गिरे तो उनका गला दबाकर हत्या कर दी गई।