रांची, 2 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष पर झारखंड से जुड़ी उनकी स्मृतियों को संग्रहित करने और उन्हें डिजिटल तौर पर सहेजने की योजना बनाई है।
पार्टी आगामी 15 फरवरी से 15 मार्च तक जिला स्तर पर अटल विरासत सम्मेलन आयोजित करेगी। इस दौरान अटल जी की स्मृतियों से जुड़ी डिजिटल प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और रांची के विधायक सी.पी. सिंह ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि झारखंड का निर्माण अटल बिहारी वाजपेयी ने ही किया था। उनका इस प्रदेश से गहरा जुड़ाव रहा था। उन्होंने अपने जीवन काल में अनेक बार झारखंड के सुदूर ग्रामीण जिलों तक सड़क, रेल मार्ग से यात्राएं की थीं। जनसंघ कालीन कई कार्यकर्ताओं के आवास पर भी उनका जाना, विश्राम करना हुआ था। कई कार्यक्रमों में उनकी बड़ी सहभागिता हुई थी।
उन्होंने कहा कि झारखंड क्षेत्र में पार्टी के जनाधार को मजबूती प्रदान करने में अटल जी के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। ऐसे में उनकी जन्म जयंती के शताब्दी वर्ष में उनकी स्मृतियों को सहेजा जा रहा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से भी आग्रह किया कि अगर उनके पास पूर्व प्रधानमंत्री से जुड़ी कोई स्मृति, फोटोग्राफ या वीडियो है तो उसे उपलब्ध कराएं।
सीपी सिंह ने बताया कि 15 फरवरी से 15 मार्च तक सभी जिलों में आयोजित होने वाले अटल विरासत सम्मेलन में प्रबुद्धजनों, विशिष्ट जनों को आमंत्रित किया जाएगा। अटल जी के साथ कार्य कर चुके कार्यकर्ताओं को सम्मेलन में सम्मानित भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अटल जन्म जयंती शताब्दी कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रदेश स्तरीय समिति बनाई गई है, जिसके संयोजक प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू बनाए गए हैं। समिति में सह संयोजक के रूप में पूर्व विधायक अनंत ओझा, प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, शिवपूजन पाठक, योगेंद्र प्रताप सिंह, अनिल सिंह, अनुज कुमार शामिल हैं।
–आईएएनएस
एसएनसी/एकेजे