नई दिल्ली, 22 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय इंदिरा भवन में शनिवार को असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस (केकेसी) का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में केकेसी के राष्ट्रीय चेयरमैन और पूर्व सांसद उदित राज, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
सम्मेलन में असंगठित कामगारों और कर्मचारियों के अधिकारों पर चर्चा की गई और उनकी स्थिति को बेहतर बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी के संकल्प को दोहराया गया।
इस मौके पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा, “राहुल गांधी जी का सपना था कि असंगठित कामगारों के लिए कांग्रेस काम करें। आज हम इस दिशा में एक कदम और बढ़ रहे हैं। पूरे देश के असंगठित कामगार इस सम्मेलन में शामिल हुए हैं और हम यह चर्चा कर रहे हैं कि हम उनके लिए कैसे बेहतर कार्य कर सकते हैं।”
पूर्व सांसद उदित राज ने सम्मेलन में कहा, “हमारा यह कार्यक्रम असंगठित कामगारों के लिए है। इस देश में 50 करोड़ असंगठित कामगार हैं, जिनकी समस्याएं दिन-प्रतिदिन बढ़ रही हैं। कांग्रेस के शासन में उनके लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई थीं, लेकिन मोदी सरकार के आने के बाद उन योजनाओं को हटा दिया गया।”
उदित राज ने यह भी कहा कि आज की स्थिति में असंगठित कामगारों का शोषण बढ़ गया है, और उनका वेतन भी निर्धारित नहीं है। कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को गंभीरता से उठाएगी और असंगठित कामगारों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
वहीं कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, “उदित राज ने असंगठित कामगारों के लिए बहुत मेहनत की है। वह एक ऐसी शख्सियत हैं, जिनकी अपील पर लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो जाते हैं। यदि रामलीला मैदान में कोई भी व्यक्ति भीड़ इकट्ठा कर सकता है तो वह उदित राज हैं। उनका यह योगदान असंगठित कामगारों के अधिकारों के लिए महत्वपूर्ण है।”
दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि भारत में लगभग 50 करोड़ असंगठित मजदूर हैं, जिनकी आवाज उठाने वाला कोई नहीं है।
उन्होंने कहा, “महंगाई दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है, पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं, सरकारी स्कूल बंद हो गए हैं और प्राइवेट स्कूलों में भारी फीस देनी पड़ती है। सरकारी अस्पतालों में इलाज की सुविधाएं न के बराबर हैं। इस स्थिति में असंगठित कामगारों का शोषण हो रहा है।”
सम्मेलन में देशभर से आए असंगठित कामगारों और कर्मचारियों ने इस दिशा में पार्टी के प्रयासों का समर्थन किया और अपने लिए न्याय की उम्मीद जताई।
–आईएएनएस
एकेएस/सीबीटी