सतना, देशबन्धु। सतना के कोठी कस्बे में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। दहेज प्रताडऩा से परेशान 27 वर्षीय नेहा पांडेय ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। नेहा की शादी 4 साल पहले कोठी निवासी मनीष पांडेय से हुई थी।
मनीष मुंबई में नौकरी करता है। नेहा के ससुर नरेंद्र पांडेय ने अपनी पोती की शादी के लिए मृतका के पिता श्रवण कुमार से 4 लाख रुपये की मांग की थी। श्रवण ने आर्थिक तंगी बताते हुए 50 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद से नेहा को रोज पिता से पैसे मांगने के लिए दबाव बनाया जाता था। 20 मार्च को उसका पति मनीष भी मुंबई से घर आया था। शुक्रवार को मनीष ने नेहा के बीच पहले झगड़ा हुआ। इसी दौरान मनीष ने नेहा की पिटाई की।
कमरे में मिली बेहोश
बताया गया है कि जिस दिन मनीष ने नेहा की पिटाई की। उसी दिन शाम को नेहा शाम को अपने कमरे में बेहोश मिली। घर वालों ने उसे तुरंत कोठी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले आये। यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मां से फोन पर बताया
मृतका की मां माया पांडेय ने बताया कि नेहा के ससुर उनका और उनके पति का आधार कार्ड मांग रहे थे। नेहा ने अपनी मां को मना किया था कि आधार कार्ड न दें। जहर खाने से पहले नेहा ने अपनी मां से पति द्वारा की गई पिटाई के बारे में बात की थी। कुछ देर बाद ही ससुराल से फोन आया कि नेहा ने जहर खा लिया है। कोठी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।