मुंबई, 24 सितंबर (आईएएनएस)। नवरात्रि का तीसरा दिन मां चंद्रघंटा को समर्पित है। इस खास अवसर पर भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री पाखी हेगड़े ने सोशल मीडिया के जरिए अपने प्रशंसकों को शुभकामनाएं दीं।
पाखी ने इंस्टाग्राम के स्टोरीज सेक्शन पर माता की तस्वीर पोस्ट की, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, “ओम देवी चंद्रघंटाये नमः पिण्डजप्रवरारूढा चण्डकोपास्त्रकैर्युता। प्रसादं तनुते महां चन्द्रघण्टेति विश्रुता॥”
नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना की जाती है। मां का यह रूप शक्ति, साहस और रक्षा का प्रतीक माना जाता है।
पौराणिक कथाओं के अनुसार, जब माता पार्वती का विवाह भगवान शिव से हुआ, तब उन्होंने अपने मस्तक पर घंटे के आकार का अर्धचंद्र धारण किया था, जिसके कारण उन्हें चंद्रघंटा कहा गया। एक बार जब राक्षसों ने कैलाश पर्वत पर हमला किया, तब मां ने चंद्रघंटा का रूप धारण कर उनका संहार किया।
मां चंद्रघंटा का स्वरूप अत्यंत तेजस्वी और प्रभावशाली है। उनके दस हाथों में तलवार, त्रिशूल, गदा, धनुष-बाण जैसे शस्त्रों के साथ-साथ कमल का फूल है। वह शेर पर सवार होती हैं, जो साहस और पराक्रम का प्रतीक है।
मां का यह रूप शांति और युद्ध दोनों का संगम है। वह अपने भक्तों की रक्षा के लिए सौम्य और रौद्र दोनों रूप धारण कर सकती हैं। मां चंद्रघंटा की अराधना करने से मन को शांति, साहस और नकारात्मक शक्तियों से मुक्ति मिलती है।
पाखी हेगड़े भोजपुरी इंडस्ट्री की उन गिनी-चुनी कलाकारों में से एक हैं, जो अपनी शिक्षा और प्रतिभा के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी धारावाहिक ‘मैं बनूंगी मिस इंडिया’ से की और उसके बाद कई भोजपुरी, मराठी और हिंदी फिल्मों में काम किया।
उन्होंने अभिनय करने के साथ-साथ फिल्म निर्माण और फाइनेंसिंग भी की है। उन्होंने अपनी खुद की कंपनी, पीआरके इन्वेस्टमेंट के नाम से फाइनेंस और रियल एस्टेट में कदम रखा है।
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम