पंचकूला, 7 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब और हिमाचल प्रदेश में नदियां उफान पर हैं। इसकी वजह से गांवों से लेकर कॉलोनियों तक लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के लिए 15 और हिमाचल प्रदेश के लिए 10 ट्रक राहत सामग्री भेजी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा कार्यालय पंचकमल से सभी ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर पंजाब और हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना किया। यह राहत सामग्री दोनों राज्यों के बाढ़ और आपदा पीड़ितों के लिए है।
इस दौरान हिमाचल प्रदेश के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, विधायक शक्ति रानी शर्मा, मेयर कुलभूषण गोयल, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, और अन्य लोग मौजूद थे।
ट्रक रवाना करने से पहले माता मनसा देवी के दरबार में पंजाब और हिमाचल के बाढ़ और आपदा पीड़ितों की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस समय किसी को भी राजनीति नहीं करनी चाहिए। सभी को बढ़-चढ़कर आपदा और बाढ़ पीड़ितों की मदद करनी चाहिए। पंजाब उनका पड़ोसी राज्य है और पंजाब को और भी जरूरत पड़ेगी तो हरियाणा मदद करेगा।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हमने पंजाब के एक-एक जिले को जोड़ दिया है। हमारे यहां से एक-एक जिले के लिए राहत सामग्री भेजी जा रही है। एक दिन पहले भी राहत सामग्री भेजी गई थी।
हिमाचल प्रदेश के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा, “नायब सिंह सैनी ने बड़ी मात्रा में हमें राहत सामग्री उपलब्ध कराई है। हिमाचल प्रदेश में तीन महीने से लगातार बाढ़ का प्रकोप जारी है। सबसे पहले मंडी जिला प्रभावित हुआ, उसके बाद कुल्लू। मणिमहेश की यात्रा के दौरान चंबा जिला प्रभावित हुआ और अब पूरा प्रदेश प्रभावित है।”
उन्होंने कहा कि आज 200 क्विंटल चावल, 160 क्विंटल आटा, नमक, चीनी, दाल, हल्दी, और मसाले सहित कई सामग्रियां भेजी गई हैं। मैं इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार प्रकट करता हूं।
डॉ. राजीव बिंदल ने आगे कहा कि ये सामान बाढ़ प्रभावित इलाकों के प्रत्येक परिवार को दिया जाएगा। हम लोग हरियाणा के दानदाताओं का भी आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने हमें यह सहयोग उपलब्ध कराया है। हिमाचल प्रदेश की जनता भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का सहायता के लिए आभार प्रकट करती है।
–आईएएनएस
सार्थक/एबीएम