बीजिंग, 8 मार्च (आईएएनएस)। चीन की राजधानी पेइचिंग में शनिवार को 14वीं राष्ट्रीय जन प्रतिनिधि सभा (एनपीसी) के तीसरे सत्र का दूसरा पूर्णाधिवेशन आयोजित हुआ। इस बैठक में एनपीसी स्थायी समिति, सर्वोच्च जन न्यायालय और सर्वोच्च जन प्रोक्यूरेटोरेट की कार्य रिपोर्टें पेश की गईं और उन पर विचार-विमर्श हुआ। इस अहम सत्र में चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग, प्रधानमंत्री ली छ्यांग समेत अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
एनपीसी स्थायी समिति के अध्यक्ष चाओ लेची ने कार्य रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि पिछले साल समिति ने संविधान के पालन और निगरानी को मजबूत किया और चीनी विशेषताओं वाली समाजवादी कानूनी प्रणाली में सुधार किए।
उन्होंने बताया कि 2024 में कुल 39 विधेयकों की समीक्षा की गई, जिनमें से 24 को पारित किया गया, इनमें 6 नए कानून, 14 कानूनों में संशोधन और 4 महत्वपूर्ण कानूनी फैसले शामिल हैं। इसके अलावा, समिति ने पर्यवेक्षी शक्तियों का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए सरकारी निगरानी प्रणाली को मजबूत किया और जनता के प्रतिनिधियों को अपने कर्तव्यों को निभाने में पूरा सहयोग दिया। विदेशी संबंधों को और अधिक सक्रिय बनाने और कानूनी प्रक्रियाओं में सुधार लाने पर भी जोर दिया गया।
चाओ लेची ने इस साल के लिए समिति की प्राथमिकताओं का भी जिक्र किया, जिसमें उच्च गुणवत्ता वाले कानूनों को बनाना, निगरानी व्यवस्था को और बेहतर बनाना, अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना आदि शामिल हैं।
उधर, चीनी सर्वोच्च जन न्यायालय के अध्यक्ष चांग च्युन ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि 2024 में न्यायालय ने अपने कानूनी दायित्वों को ईमानदारी से निभाया और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की।
उन्होंने बताया कि बीते साल सर्वोच्च जन न्यायालय ने 34,898 मामले स्वीकार किए और 32,539 मामलों का निपटारा किया, दोनों संख्या साल 2023 की तुलना में क्रमशः 65.5% और 82.2% अधिक थी। देशभर की अदालतों में कुल 4.6 करोड़ से ज्यादा मामले दर्ज हुए और लगभग उतने ही मामलों का निपटारा भी किया गया।
वहीं, सर्वोच्च जन प्रोक्यूरेटोरेट के अध्यक्ष यिंग योंग ने बताया कि 2024 में अभियोजन प्रणाली ने भी महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की। देशभर में अभियोक्ता निकायों ने विभिन्न प्रकार के कुल 40 लाख 99 हजार 600 मामलों को निपटाया, जिनमें से 8,980 मामले सर्वोच्च जन प्रोक्यूरेटोरेट द्वारा देखे गए।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–आईएएनएस
एबीएम/