फर्रुखाबाद, 8 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग मंत्री व प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह सोमवार को बाढ़ प्रभावित गांव दिलीप की मड़ैया का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आमजन से मिलकर जमीनी हकीकत जानी और उनकी परेशानियों को सुना। साथ ही उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को भोजन का वितरण किया और उनसे सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए आग्रह किया।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह स्टीमर से ग्राम दिलीप की मड़ैया पहुंचे और बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी को समस्त ग्रामवासियों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने एवं उनके भोजन-पानी की व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर को ग्रामवासियों को राशन की द्वितीय किस्त बंटवाने के लिए निर्देशित किया। ग्राम वासियों की मांग पर मंत्री ने उप जिलाधिकारी को सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक नाव की व्यवस्था करने को कहा। वहीं आने वाले समय में दोबारा ऐसी स्थिति न उत्पन्न हो, इसके लिए बाढ़ का पानी खत्म होने के पश्चात अधिशासी अभियंता सिंचाई को बंधा बनवाने को लेकर निर्देश दिए।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस साल भारी बारिश के कारण कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से फर्रुखाबाद के कई गांव डूब गए हैं, जिससे वहां रह रहे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंत्री ने कहा कि उन्होंने सोमवार को बाढ़ प्रभावित कई गांवों का दौरा किया और वहां की यथास्थिति जानने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि जो भी क्षेत्र बाढ़ प्रभावित हैं, वहां के लोगों को राशन किट बांटी जा रही है। साथ ही जो क्षेत्र 15 दिन से ज्यादा समय से डूबे हुए हैं, उन क्षेत्रों में दोबारा से राशन किट बांटी जा रही है।
प्रभारी मंत्री का कहना है कि पुलिस और प्रशासन बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़े हैं और पूरे समर्पित भाव से उनके लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत मोनिका यादव, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभी गंगवार, जिलाध्यक्ष भाजपा फतेहचंद्र वर्मा, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक व संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
–आईएएनएस
प्रतीक्षा/डीकेपी