सतना, देशबन्धु। प्रदेश के सभी मंत्रियों के घर का घेराव कर प्रदर्शन करने का आह्वान प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन यादव ने किया। जिसको लेकर सतना में युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव विक्रांत त्रिपाठी विक्की के नेतृत्व में जिला अध्यक्ष मशहूद अहमद शेरू, पार्षद पंकज कुशवाहा की विशेष उपस्थित में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के घर के पास प्रदर्शन किया गया।
आधा सैकड़ा युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय समस्या को लेकर कटोरा और संकेतक शेर लेकर शांति रूप से प्रदर्शन किया।युकां नेता विक्रांत त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा के मंत्री, सांसद, विधायकों के नकारेपन के कारण आज सतना जिले से टाइगर सफारी जैसी बड़ी सौगात छीन ली गई।
चंद पूंजीपतियों को खदानों के कारण लाभ पहुंचे साथ ही कैंसर यूनिट भी षडयंत्र पूर्वक सतना मेडिकल कॉलेज से छीन ली। हवाई अड्डे को पट्टी में तब्दील कर दिया गया। जिला अध्यक्ष मशहूद अहमद शेरू, पार्षद पंकज कुशवाहा ने राज्य मंत्री पर सीधा आरोप लगाया कि मंत्री ने अपने लाभ के लिए जनता को समर्पित पार्क में कब्जा कर लिया।
नगरीय प्रशासन मंत्री होते हुए गृह जिले में सीवर लाइन के कारण पूरा शहर परेशान है। युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष अंकित गुप्ता ने कहा कि प्रह्लाद पटेल जनता को भिखारी कहते हैं, ये क्या जानें जनता भिखारी नहीं राजा होती है।
आंदोलन समाप्ति के बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता लक्ष्मी यादव के आकस्मिक निधन पर शोक संवेदना व्यक्त कर 2 मिनट का मौन धारण किया।