सतना, देशबन्धु। मैहर को वन मंत्रालय ने 7 मार्च को अलग वन मंडल घोषित कर दिया है। जिसके बाद से सतना का वनमंडल क्षेत्रफल जहां 1,658.34 वर्ग किलोमीटर रह गया है। वहीं मैहर को 608.48 वर्ग किलोमीटर वन क्षेत्र मिला है। इस वन मंडल को मुकुंदपुर स्थित महाराजा मार्तण्ड सिंह व्हाइट टाइगर सफारी एवं चिडय़िाघर का प्रशासकीय नियंत्रण भी दिया गया है। नए वन मंडल में मैहर, अमरपाटन और मुकुंदपुर रेंज शामिल हैं।
नये वन मंडल में 48बीट
मैहर जिला जिला बनने के बाद अब मैहर वन मंडल बना दिया गया है। जिसके बाद मैहर रेंज में अमदरा, भदनपुर और मैहर उप रेंज हैं। इसी तरह से अमरपाटन रेंज में गोरसरी और अमरपाटन उप रेंज हैं। मुकुंदपुर रेंज में जिगना और रामगढ़ उप रेंज शामिल किए गए हैं। कुल मिल मिलाकर के इन तीनों रेंज में कुल 48 बीट हैं।
सतना में दो उपमंडल और सात रेंज बचे
5 सितंबर 2023 को गठित मैहर जिले का कुल क्षेत्रफल 2,722.79 वर्ग किलोमीटर है। इसमें 22.34 प्रतिशत भाग वन क्षेत्र है। पुनर्गठन के बाद सतना वनमंडल का क्षेत्रफल 1,658.34 वर्ग किलोमीटर रह गया है। सतना में अब दो उप वनमंडल और सात रेंज ही बचे हैं।
185 पदों की अवश्यकता
नए वनमंडल के लिए 185 पदों की आवश्यकता है। इनमें से 160 पद सतना वनमंडल से स्थानांतरित होंगे और 24 नए पद स्वीकृत किए जाएंगे। इन पदों पर सालाना वेतन-भत्तों का खर्च 97.30 लाख रुपए होगा। इतना ही नहीं मैहर वनमंडल के कार्यालय और आवास निर्माण पर 6.15 करोड़ रुपए खर्च होंगे।