सूरत, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस के अवसर पर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री और गुजरात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने सूरत में अपने निवास पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ झंडा फहराया।
इस मौके पर उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी की उपलब्धियों और भविष्य की दिशा पर प्रकाश डाला।
सीआर पाटिल ने कहा कि भाजपा के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने पार्टी नेताओं के वर्षों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इसी समर्पण ने भाजपा को लोगों के दिलों में विशेष स्थान दिलाया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद पीएम मोदी ने लोगों के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरू कीं और पारदर्शी तरीके से काम किया, जिससे जनता में पार्टी के प्रति विश्वास बढ़ा है। पाटिल ने जोर देकर कहा कि भाजपा लोगों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और इसी संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए पाटिल ने कहा, “भाजपा के लिए पहले देश, फिर पार्टी और उसके बाद स्वयं का स्थान है। हमारा झंडा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। कार्यकर्ताओं से अपेक्षा है कि वे इस प्रतिबद्धता के साथ लोगों की सेवा में जुटें।”
उन्होंने बताया कि आज गुजरात में हर बूथ पर 25 झंडे यानी करीब एक करोड़ 25 लाख झंडे लहराए जाएंगे। इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह का नया माहौल बनेगा।
इस अवसर पर पाटिल ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “पीएम मोदी ने एक अभिभावक की तरह देश का नेतृत्व किया है। लोगों ने उनका काम देखा है और विपक्षी दलों का भी। जो सत्ता के सपने देख रहे हैं, जागरूक जनता उनके सपनों को साकार नहीं होने देगी।”
–आईएएनएस
एकेएस/केआर