चित्रकूट, देशबन्धु. दीनदयाल शोध संस्थान चित्रकूट द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता एवं उपचार शिविर तथा किशोरी स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन शुक्रवार को शान्ति देवी इंटर कालेज पहाड़ी में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत चित्रकूट के अध्यक्ष अशोक जाटव, खंड विकास अधिकारी पहाड़ी संजय कुमार पाण्डेय, अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़ी डॉ. उदय प्रताप सिंह, भाजपा चित्रकूट के जिला अध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, जिला महामंत्री डॉ. अश्वनी अवस्थी, शान्ति देवी इंटर कॉलेज के प्रबंधक सुनील कुमार सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य शिववरन त्रिपाठी, सामाजिक कार्यकर्ता मनोज कुमार त्रिपाठी, पूर्व जिला युवा कल्याण अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद त्रिपाठी एवं संस्थान के वैद्य राजेंद्र पटेल ने दीप प्रज्वलन एवं माल्यापज़्ण के साथ किया।
किशोरी जागरूकता शिविर में डॉ. उदय प्रताप सिंह अधीक्षक समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़ी ने कहा कि यह स्वास्थ्य शिविर बहुत ही महत्वपूर्ण है। जिस प्रकार आपके जीवन में बदलाव के लिए शिक्षा महत्वपूर्ण है उसी प्रकार स्वास्थ्य परीक्षण भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि बहुत सी लड़कियों में खून की कमी रहती है। अपने स्वास्थ्य को गंभीरता से लें। सुनील कुमार सिंह ने कहा कि जब शरीर स्वस्थ होगा तभी मन प्रसन्न होगा। जिससे हम पूर्ण मनोयोग से अपने कर्मपथ पर अग्रसर होंगें। सीमा पाण्डेय ने कहा कि यह शिविर किशोरी स्वास्थ्य जागरूकता परीक्षण के लिए किया जा रहा है जो महत्वपूर्ण है।
जो आपके शरीर में कमी है चेकअप से पता चल जाएगा। इस उम्र में अपनी सेहत का ख्याल रखें यह सही समय है बहुत सी बच्चियां स्कूल नहीं जाती हैं उनसे भी बात कर उन्हें भी बताएं। भारती श्रीवास्तव वरिष्ठ चिकित्सक आरोग्यधाम ने कहा कि महिलाओं के ऊपर पुरुषों से भी अधिक जिम्मेदारी रहती है। आज सोशल मीडिया का जमाना है हमें रील्स बनाने में समय व्यर्थ नहीं करना है। अशोक जाटव ने कहा कि देश बदला रहा है। राष्ट्रऋषि नाना जी त्याग की प्रतिमूर्ति थे। वे कहते थे कि मानवता ही सबसे बडा कर्म है अपने माता-पिता, गुरुजनों की बातों को माने भारतीय परंपराओं, संस्कारों, खान-पान को जीवन में अपनायें।
कार्यक्रम का संचालन जेएसएस के निदेशक अनिल कुमार सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन दीनदयाल शोध संस्थान के उप महाप्रबंधक डॉ अनिल जायसवाल ने किया। कार्यक्रम में समाज शिल्पी दम्पति प्रभारी डॉ. अशोक पाण्डेय, विनीत श्रीवास्तव, डॉ. अशोक तिवारी, कृषि वैज्ञानिक उत्तम त्रिपाठी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान जन शिक्षण संस्थान एवं कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई। किशोरी स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर में 90 बालिकाओं तथा स्वास्थ्य जागरूकता एवं उपचार शिविर में ग्रामीण क्षेत्र से आये हुए लगभग 200 लोगों तथा दन्त चिकित्सा विभाग में 80 लोगों का नि:शुल्क स्वस्थ परीक्षण व उपचार किया गया।