मुंबई, 14 फरवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र कांग्रेस में हाल ही में हुए बड़े फेरबदल के तहत पार्टी ने हर्षवर्धन पाटिल को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता और पूर्व सांसद हुसैन दलवई ने इस फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय सही समय पर लिया गया है और वह इससे पूरी तरह संतुष्ट हैं।
हुसैन दलवई ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने बहुत अच्छा फैसला लिया है। एक सही नेता को अध्यक्ष बनाया गया है। उनके नेतृत्व में कांग्रेस महाराष्ट्र में मजबूती से आगे बढ़ सकती है। जिन नेताओं को ईडी और अन्य एजेंसियों का डर है, वे पार्टी का नेतृत्व नहीं कर सकते। हर्षवर्धन पाटिल जैसे नेता ही इस जिम्मेदारी को सही तरीके से निभा सकते हैं। पार्टी की स्थिति बहुत खराब हो चुकी थी और अब इस सरकार के खिलाफ सशक्त संघर्ष की जरूरत है।
दलवई ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि बहुत समय से इस बदलाव की आवश्यकता महसूस हो रही थी। अब सही समय पर निर्णय लिया गया है। इस कदम से पार्टी को नई दिशा मिलेगी और कार्यकर्ताओं को एक मजबूत नेतृत्व मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय गांधीजी के विचारों से प्रेरित कार्यकर्ता को पार्टी का नेतृत्व सौंपने का है, जो गांधीजी के आदर्शों के प्रति पूरी तरह से निष्ठावान हैं। यह बदलाव पार्टी के लिए बहुत ही सकारात्मक होगा।
मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने को लेकर सवाल किए जाने पर हुसैन दलवई ने कहा कि मणिपुर की स्थिति को लेकर पार्टी ने कई बार आवाज उठाई थी और अब राष्ट्रपति शासन लगाने का निर्णय लिया गया है। यह एक बहुत अच्छा कदम है, क्योंकि मणिपुर में हालात बेहद खराब हो चुके थे। अब राष्ट्रपति शासन के तहत वहां स्थिति को संभाला जा सकेगा।
तहव्वुर राणा की भारत वापसी को लेकर पूछे जाने पर दलवई ने कहा कि बहुत अच्छी बात है। जो कोई आतंकवादी है, उसे कभी माफ नहीं करना चाहिए। कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, कानूनी सजा मिलनी चाहिए। तहव्वुर राणा को वापस लाने के लिए कांग्रेस के जमाने से कोशिश हो रही थी और अब उसका फल मिल रहा है। हम इसका स्वागत करते हैं।
–आईएएनएस
पीएसके/एकेजे