जबलपुर, देशबन्धु. लोकसभा सांसद आशीष दुबे ने गुरुवार को लोकसभा में जबलपुर में अंतराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाने का प्रश्न उठाया और जबलपुर संसदीय क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और युवा प्रतिभाओं की महत्ता को भी तथ्यों के साथ उठाते हुए अपनी मांग रखी।
सांसद श्री दुबे ने कहा कि जबलपुर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए पहचाना जाता है, लेकिन विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं के अभाव में स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
श्री दुबे ने जोर देकर कहा कि एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने में मदद करेगा, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को आकर्षित कर जबलपुर की अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा, जबलपुर को एक विश्वस्तरीय खेल स्टेडियम मिलना चाहिए, जहाँ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट, फुटबॉल और एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकें। इससे पर्यटन, निवेश और शहर के सम्मान में वृद्धि होगी।
अपनी मांग को मजबूत बनाने के लिए उन्होंने आंकड़ों का हवाला दिया, सांसद श्री दुबे ने कहा कि स्थानीय प्रशासन और निजी क्षेत्र भी इस परियोजना का समर्थन करने के लिए तैयार हैं, जिससे यह पहल पूरी तरह से व्यवहारिक और रणनीतिक रूप से फायदेमंद होगी।