सतना, देशबन्धु. मैहर जिला के रामनगर थाना अंतर्गत रमचुआ गांव में एक युवक ने अपनी प्रेमिका के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। रविवार की रात करीब साढ़े 9 बजे हुई इस वारदात के बाद आरोपी भाग निकला। पता चला है कि रमचुआ निवासी युवती के पिता महेंद्र सिंह खेत वाले घर के बाहर लेटे हुए थे।
तभी आरोपी ध्रुव कुमार बाइक से पहुंचा और उसने महेंद्र के सीने पर देसी कट्टे से गोली चला दी। गोली लगते हीमहेन्द्र की मौके पर मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिजन घर के बाहर दौड़कर आए तो देखा कि महेंद्र खून से लथपथ पड़े हैं और दो युवक बाइक से भागते नजर आए। वारदात की खबर पाते ही थाना प्रभारी निरीक्षक टीकाराम कुर्मी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। आस पास इलाके में सर्चिंग की गई, लेकिन आरोपी नहीं मिल सके।
झांसी का है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, महेंद्र की बेटी के साथ आरोपी ध्रुव कुमार शादी करना चाहता था। लेकिन महेंद्र को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। महेंद्र के इनकार से आरोपी नाराज था। जिसे लेकर उसने पूर्व में झगड़ा विवाद भी किया था। आरोपी उत्तर प्रदेश के झांसी जिला के मोंठ का रहने वाला है।
कार की बाइक को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर, दमोह अस्पताल रेफर
इनका कहना…
गोली मारने वाले आरोपी को राउंडअप कर लिया गया है। उसका साथी कौन था, यह पूछताछ में पता चलेगा। आरोपी झांसी जिला के मोंठ क रहने वाला है।
– सुधीर कुमार अग्रवाल, एसपी, मैहर
रीवा में हुई थी मुलाकात
महेंद्र सिंह की बेटी रीवा में रहकर पढ़ाई करती थी। वहीं 2023 में उसकी मुलाकात ध्रुव कुमार से हुई। दोनों के बीच दोस्ती हुई और नजदीकियां बढऩे लगीं। ध्रुव कुमार उससे मिलने गांव भी आता था। शादी का पता चलने पर महेंद्र सिंह ने कई बार ध्रुव को मना किया, फिर भी वह उनकी बेटी का पीछा नहीं छोड़ रहा था। परेशान होकर महेंद्र सिंह ने कुछ दिन पहले ध्रुव की पिटाई की थी।