नागौद, देशबन्धु। नगर की राजनीति में बड़ा उलटफेर सामने आया है। पूर्व विधायक यादवेंद्र सिंह एवं नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिभा यतेंद्र सिंह के नेतृत्व में वार्ड क्रमांक 10 की पार्षद अनीता ध्रुव व्यास एवं वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद किरण रामदास बर्मन ने कांग्रेस का दामन छोड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।
मैदा से लदा ट्रक सतना से जबलपुर आते समय कृष्णगढ़ में जलकर खाक, चालक ने कूदकर बचाई जान
बताया जा रहा है कि यह राजनीतिक बदलाव पूर्व जिला पंचायत सदस्य यतेंद्र सिंह के मजबूत जनसंपर्क और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। इस राजनीतिक परिवर्तन को नगर परिषद में भाजपा की स्थिति को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा में शामिल हुए पार्षदों ने कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए भाजपा में आना जरूरी था, क्योंकि राज्य और केंद्र दोनों स्तरों पर भाजपा की सरकार है, और उन्हीं के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से संभव हैं।
उत्तरकाशी में बादल फटने से भारी तबाही : राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख, अब तक 20 लोगों का रेस्क्यू
नगर परिषद चुनावों के समय भाजपा के पार्षदों में कामाक्षा कुमारी, श्यामा सिंह, बबीता जैसवाल, संध्या वर्मा एवं हेमंत कुमारी विजयी हुई थीं। वहीं कांग्रेस से प्रतिभा सिंह, चंद्रप्रभा मिश्रा, राहुल सोनी, अनीता व्यास, बाबूलाल चुहटेल एवं किरण वर्मन विजयी हुए थे। बहुजन समाज पार्टी से मुख्तार अहमद पप्पू और तीन निर्दलीय में प्रतीक्षा सिंह, पुष्पा सोनी एवं मोहम्मद सोहराब पार्षद बने थे। पूर्व में कांग्रेस की प्रतिभा सिंह नगर परिषद अध्यक्ष बनी थीं, लेकिन राजनीतिक हलचलों के चलते वे पहले ही भाजपा में शामिल हो चुकी थीं। अब अनीता व्यास और किरण वर्मन के भाजपा में आ जाने से भाजपा के पार्षदों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है, जिससे पार्टी की स्थिति और अधिक मजबूत हो गई है।