नई दिल्ली, 16 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित वीआर मेट्रोपॉलिटन में आयोजित विश्वकर्मा पूजा उत्सव में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शामिल हुईं। उन्होंने श्रमिकों को सम्मानित करते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह कदम शहर के समावेशी विकास, कौशल सम्मान और श्रमिक कल्याण पर ध्यान केंद्रित करने की प्रतिबद्धता को दोहराता है। दिल्ली में जितने भी श्रमिक हैं, हमारी सरकार उनके साथ खड़ी है। हमारी सारी योजनाएं उनके लिए चलाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि हमारा प्रण है कि श्रमिकों के सिर पर छत हो, बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य की सुविधाएं उनको मिलें, और उनके बच्चों के लिए बेहतर से बेहतर शिक्षा की व्यवस्था की जाए। हमारा संकल्प है कि गरीबों और श्रमिकों तक सारी योजनाओं का लाभ पहुंचे।
आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने योजनाओं को केवल कागजों तक ही सुरक्षित रखा था, उन तक पहुंचने ही नहीं दिया। हम लोगों की सरकार उन सभी योजनाओं को पहुंचा रही है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार श्रमिकों के बच्चों को संभालने के लिए परिवार को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 500 पालना सेवा पखवाड़े के रूप में देगी। इसके बाद से महिलाओं को अपने बच्चों की चिंता नहीं होगी।
रेखा गुप्ता ने कहा कि इस पहल ने न केवल कुशल श्रमिकों का सम्मान किया बल्कि यह भी प्रदर्शित किया कि सरकार और निजी क्षेत्र के बीच सहयोगी मॉडल किस तरह दीर्घकालिक सामाजिक और आर्थिक मूल्य प्रदान कर सकते हैं। आधारभूत संरचना विकास को सामाजिक उद्देश्यों के साथ जोड़कर, वीआर मेट्रोपॉलिटन उन परियोजनाओं का आदर्श बन सकता है जो विकास, समानता और सामुदायिक कल्याण के बीच संतुलन स्थापित करती हैं।
वोट चोरी पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जन-जन के नेता है उनको वोट चोरी की आवश्यकता नहीं है। वह हमेशा जनकल्याण के बारे में सोचते हैं। उन्होंने लोकहित और देश को आगे बढ़ाने का काम किया है और वह आगे भी करते रहेंगे।
–आईएएनएस
एसएके