ऊधम सिंह नगर, 21 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड की धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा शनिवार को काशीपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने पशुपालन विभाग को आधुनिक बनाने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार के द्वारा किए गए प्रयासों के बारे में बताया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के द्वारा प्रदेश भर में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत काशीपुर में शनिवार को प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया गया। नगर निगम के सभागार में आयोजित इस सेवा पखवाड़े में मीडिया से बात करते हुए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कांग्रेस के खिलाफ हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस अपना वजूद अपनी ही नीतियों की वजह से खो रही है।
सौरभ बहुगुणा ने कहा कि कांग्रेस को आत्म मंथन करने की जरूरत है। राहुल गांधी देश को तोड़ने और जातियों में बांटने का काम कर रहे हैं। वे विदेश में जाकर देश का नाम बदनाम करने का काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने साफ कर दिया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर सवाल उठाने वाले पाकिस्तान नहीं बल्कि भारत के विपक्षी पार्टियों के नेता हैं। उन्होंने कहा कि बड़े दुख की बात है कि देश के नेताओं को देश के लिए आगे बढ़ना चाहिए। कांग्रेस देश के लोगों को लगातार भड़काने का काम कर रही है, वह चाहती है कि जिस तरह से श्रीलंका, पाकिस्तान और नेपाल के हालात हुए वैसे ही हमारे देश के हालात हों।
सौरभ बहुगुणा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़े के माध्यम से देश के अंतिम छोर तक हर व्यक्ति के लिए संचालित की गई योजनाओं को आम जनता तक पहुंचना है। पीएम मोदी की जीवनी के माध्यम से उनके संघर्ष को बयां करने की कोशिश की गई है कि किस तरह से उन्होंने संघर्ष करते हुए देश के प्रमुख पद पर आसीन हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों के हित में सरकार के द्वारा लगातार योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारे द्वारा प्रदेश में किसानों का मॉर्डनाइजेशन कराते हुए अलग से फंड खुलवाया गया है। करीब 65 करोड़ रुपए चीनी मिल के मॉर्डनाइजेशन के लिए दिए हैं।
उन्होंने तीर्थ स्थल पर यात्रा के दौरान खच्चरों के इस्तेमाल को लेकर कहा कि इससे लोगों को रोजगार मिल रहा है। खच्चर भी उत्तराखंड के लोगों के ही हैं। केदारनाथ की यात्रा का मार्ग बहुत मुश्किल है। यात्री सुविधा के रूप में खच्चर का इस्तेमाल करते हैं।
–आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी