नागपुर, 25 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश और बाढ़ से आम लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने बारिश के चलते किसानों को हुए नुकसान को लेकर सभी विधायकों को छह महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की अपील की है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “बाढ़ की वजह से किसानों को ज्यादा नुकसान हुआ है, इसलिए सभी विधायकों को छह महीने का वेतन किसानों को देना चाहिए। मैं अपने छह महीने के विधायक फंड को किसानों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करुंगा, जिससे इस संकट में किसानों की मदद की जा सके।”
उन्होंने कहा कि मैं सबसे अपील करता हूं कि जो इससे अधिक दे सकता है, वो दे, क्योंकि किसान हमारे अन्नदाता हैं। बाढ़ की वजह से पूरी फसल खराब हो गई है। एक एकड़ खेत में एक बोरा फसल भी नहीं हुई है।
उन्होंने कृषि मंत्री से किसानों की मदद करने की अपील करते हुए कहा कि किसानों की खराब हुई फसल का जल्द सर्वे कराया जाए और उन्हें खराब फसल का पैसा दिया जाए। नहीं तो आने वाले समय में यहां से खेती खत्म हो सकती है। उसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।
लेह में भाजपा ऑफिस पर हमले पर कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा, ”यह झूठे नारों का नतीजा है। यह नारा लगाने वाली सरकार है, चाहे केंद्र में हो या किसी राज्य में हो। आखिर कब तक ऐसे नारे लगाए जाएंगे? इसकी वजह से ही लेह में आज यह स्थिति देखने को मिल रही है।”
उन्होंने कहा कि यह जुमलेबाजी की सरकार है। यह दूसरे पर आरोप लगाती है और अपना नहीं देखती है। जनता सब जान चुकी है। जल्द ही इन लोगों को और पता चल जाएगा। ये लोग दूसरे पर आरोप लगाकर खुद बचना चाहते हैं। चोरी करके ईमानदारी की बात करने पर यही परिणाम देखने को मिलेगा।
–आईएएनएस
एसएके/एबीएम