बैतूल. जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आपसी विवाद से परेशान एक दंपती ने अपने डेढ़ साल के मासूम बेटे को सड़क किनारे छोड़कर बुकाखेड़ी डैम में छलांग लगा दी। घटना में महिला की मौत हो गई, जबकि युवक की तलाश के लिए पुलिस और गोताखोरों की टीम सर्च अभियान चला रही है।
जानकारी के अनुसार, डूबने वाले दंपती की पहचान शुभम करदाते (25) और रोशनी (22) के रूप में हुई है। दोनों ने करीब साढ़े तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी रहती थी। शुक्रवार रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे दोनों ने अपने डेढ़ साल के बेटे को सड़क किनारे छोड़ा और डैम में कूद गए। हतनापुर निवासी मुन्ना परिहार ने इस घटना को देखा और तुरंत स्थानीय लोगों को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी देवकरण डहेरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। कुछ देर की तलाश के बाद पुलिस को रोशनी का शव बरामद हो गया है, जबकि शुभम की तलाश अब भी जारी है। घटना के बाद ग्रामीणों ने बच्चे को सुरक्षित अपने पास रख लिया है।
शुभम के चाचा दीपक पवार ने बताया कि युवक मजदूरी करता था और परिवार में माता-पिता रहते हैं, जबकि बहन की शादी हो चुकी है। झगड़े की असल वजह क्या थी, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। SDRF की सचिंग में 3 घंटे बाद शव मिला थाना प्रभारी देवकरण डहेरिया ने बताया, सुबह 9.15 पर हमारे पास सूचना आई कि एक दंपती ने डैम में छलांग लगा दी है।
हम नगरपालिका की टीम के साथ पहुंचे। एसडीआरएफ को भी सूचित किया। महिलाक शव जल्द मिल गया जबकि पुरुष का शव ३ घंटे बाद मिला। शुभम और रोशनी अपने बच्चे के साथ डैम आए थे। उनका एक रिश्तेदार यहीं से गुजर रहा था। उसने देखा कि दोनों ने बच्चे को दूर छोड़ा। वह अपनी अपनी बाइक खड़ी कर पाता, इससे पहले ही दोनों ने पानी में छलांग लगा दी।