छतरपुर, देशबन्धु. प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी दशहरा पर्व के पर पुलिस विभाग द्वारा शस्त्र व वाहनों की पूजा की गई।
दरअसल इस पर्व का धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व है। दशहरा पर्व पर शक्ति और सुरक्षा का प्रतीक माना जाने वाला शस्त्र पूजन, पुलिस लाईन में उत्साह के साथ शस्त्रों की पूजा करके मनाया गया।
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार के मुख्य आतिथ्य एवं वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री मंत्री दिलीप अहिरवार, विधायक छतरपुर ललिता यादव, राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया, महाराजपुर विधायक कामाख्या प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, नपा अध्यक्ष ज्योति चौरसिया की विशेष उपस्थिति में जिले का मुख्य शस्त्र-पूजन कार्यक्रम हुआ।
इस दौरान छतरपुर रेंज के डीआईजी विजय कुमार खत्री, कलेक्टर पार्थ जैसवाल, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एसडीएम अखिल राठौर सहित अनेक जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी शामिल हुए। यहां शस्त्र पूजन करके मंगल आरती भी की गई। बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर इस वर्ष प्रदेश में दशहरा पर्व सरकार और समाज मिलकर धूमधाम के साथ मना रहे हैं।
इसी के तहत जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में इस साल दशहरा पर्व पर छतरपुर की पुलिस लाइन में शस्त्र-पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों सहित सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने जिले वासियों को दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि बुराई पर अच्छाई के प्रतीक इस दशहरा पर्व को उत्साह और उमंग के साथ मनाएं।