सागर. जिले के ग्राम बगरोही में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि छह आरोपी अब भी फरार हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो सगे भाई भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, यह वारदात 29 सितंबर को हुई थी। फरियादी दीपपाल यादव (18) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने पिता परमलाल यादव, मां रम्बोबाई यादव और भाभी सरोज यादव के साथ खेत से लौट रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे 11 लोगों ने उन्हें रोक लिया।
सभी के हाथों में तलवार, कुल्हाड़ी और डंडे थे। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज शुरू की। विरोध करने पर जगदीश यादव ने दीपपाल के पिता पर तलवार से हमला कर दिया, जबकि अन्य ने कुल्हाड़ी और डंडों से मारपीट की। बेटे, मां और भाभी ने जब बीचबचाव करने की कोशिश की तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया।
इस हमले में तीनों को गंभीर चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल परमलाल यादव की मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या समेत अन्य धाराओं में 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। हत्या के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए चार टीमें गठित कीं।
लंबे समय तक छापेमारी के बाद शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ आरोपी गांव लौटे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बगरोही गांव में दबिश दी और पांच आरोपियों सोवत उर्फ खिल्ला यादव, हल्कन यादव, अर्जुन यादव, विनोद यादव और मुन्ना यादव को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी बगरोही के ही निवासी हैं।
गिरफ्तार आरोपियों से थाने में पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और डंडे भी जब्त कर लिए हैं। शाहगढ़ थाना प्रभारी संदीप खरे ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
वारदात में शामिल अन्य छह आरोपियों की तलाश अभी जारी है। पुलिस को उनकी लोकेशन उत्तर प्रदेश में मिली है, जिसके आधार पर टीमें वहां भेजी गई हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सागर : बारह करोड़ की बकाया राशि पर सख्त हुआ नगर निगम, पेयजल सप्लाई रोकने की दी चेतावनी
पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर जिन 11 लोगों को आरोपी बनाया है, उनके नाम हैं – जगदीश यादव, अर्जुन यादव, अरविंद यादव, विनोद यादव, राजू यादव, राजेश यादव, खिल्लान यादव, दयालु यादव, जाहर यादव, मुन्ना यादव और हल्कन यादव। सभी आरोपी ग्राम बगरोही के निवासी हैं और उन पर हत्या, जानलेवा हमला और मारपीट जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।