जबलपुर,देशबन्धु. कलेक्ट्रेट रजिस्ट्री कार्यालय से शुरू हुए प्रॉपर्टी विवाद शहर की पॉश एरिया सिविल लाइन तक जा पहुंचा। जहां दोनों पक्षों में हुई कहासुनी के बाद एक पक्ष ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों पक्ष गायब हो गये, पुलिस को सिर्फ मिला तो गोली का खोखा।
पुलिस चौबीस घंटे बाद भी गोली चलाने वाले और किस को डराने के लिए उक्त वारदात को अंजाम दिया गया, इसका पता नहीं लगा सकी है। वहीं सूत्रों की माने तो मामले में एक नामचीन जादूगर की प्रापर्टी का विवाद सामने आया है, जिसमें शहर के एक पुराने बदमाश द्वारा फायरिंग किये जाने की चर्चा है, हालांकि पुलिस अभी भी कुछ स्पष्ट नहीं कर रहीं है। पुलिस का कहना है कि जो फुटेज सामने आये है वह काफी धुंधली है, आगे के सीसीटीव्ही की जांच की जाएगी, जिसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि गत दिवस गुरुवार को कलेक्ट्रेट में विवाद और बंदूक तानने से वहां अफरा-तफरी मच गई थी। जिसकी सूचना ओमती पुलिस को मिली। पुलिस वहां पहुंची, तो दोनों पक्ष वहां से निकल गए। इसके बाद दोनों पक्ष गोलछा अपार्टमेन्ट के बाहर पहुंचे। जहां बंदूकधारी एक युवक ने वहां हवाई फायर कर दिया।
जिससे वहां भी दहशत फैल गई। पुलिस का कहना था कि प्रॉपर्टी विवाद के चलते हवाई फायर की जानकारी आई है, लेकिन किसी ने अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता चल सके कि फायर किसने और क्यों किया। वहीं आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। वहीं दूसरे दिन शुक्रवार तक किसी भी पक्ष ने मामले की शिकायत दर्ज नहीं करायी।
इनका कहना है-
गोली चलने की जांच की जा रहीं है, जो फुटेज सामने आये है वह काफी धुंधली है। एक नामचीन जादूगर की प्रॉपर्टी के विवाद की बात भी सामने आई है, लेकिन किसी भी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस आगे के सीसीटीव्ही फुटेज खंगाल रही है, जिसे गोलीबारी करने वाले का पता लगाया जा सके।
नेहरु खण्डाते, टीआई सिविल लाइन