जबलपुर. बीते कुछ दिनों से मंडला और डिंडोरी जिले में हो रही भारी बारिश के चलते बरगी बांध का जलस्तर खतरे के निशान को छू रहा है। गुरुवार रात को बांध का जल स्तर 422.70 मीटर दर्ज किया गया, जो इसकी अधिकतम सीमा के करीब है। बरगी बांध प्रबंधन के अनुसार, 12 सितंबर सुबह 10 बजे से 5 जल द्वारों (गेट) को दोगुना ऊँचाई (1.00 मीटर) तक खोल दिया जाएगा। इससे जल निकासी की दर 395 क्यूमेक से बढ़कर 780 क्यूमेक हो जाएगी।
नर्मदा घाटों पर जलस्तर 3 से 4 फीट तक बढ़ने की संभावना
बरगी बांध से निकासी के बाद माँ नर्मदा नदी के घाटों और तटीय क्षेत्रों में जलस्तर में 3 से 4 फीट की वृद्धि देखी जा सकती है। प्रशासन और बरगी डैम प्रबंधन ने स्थानीय नागरिकों और तीर्थयात्रियों से नर्मदा घाटों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
बरगी बांध की ताज़ा स्थिति:
वर्तमान जलस्तर: 422.70 मीटर
जल उपयोगी क्षमता: 3171 MCM (99.72%)
पानी की आवक: 802 क्यूमेक
वर्तमान जल निकासी: 395 क्यूमेक (12 सितंबर से 780 क्यूमेक)
खुले गेट: 5 (1.00 मीटर ऊँचाई तक)
बाढ़ नियंत्रण की चेतावनी और सुझाव:
* नर्मदा तट के पास जाने से बचें
* बच्चों और बुजुर्गों को जलधारा के करीब न जाने दें
* प्रशासन के निर्देशों का पालन करें
* पानी के बढ़ते स्तर की लाइव जानकारी के लिए स्थानीय अधिकारियों से संपर्क बनाए रखें