सतना, देशबन्धु। मैहर मेंं मंगलवार तड़के श्रद्धालुओं की कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, दो लोग घायल हैं। मृतक इंदौर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पदाधिकारी और वकील थे। घायलों को अमरपाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों से सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसा नेशनल हाइवे 30 पर ड्राइवर की झपकी लगने के कारण हुआ।
लग गई झपकी
घायल मुकेश नायक ने बताया, ‘सुबह करीब 4 बजे सभी लोग नींद में थे। मैहर में नेशनल हाइवे 30 पर मेरी भी झपकी लग गई। इससे गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में मनोज विश्वकर्मा और मंजू शर्मा की मौके पर मौत हो गई। एयर बैग खुलने से मेरी जान बच गई।
मौके पर पुलिस पहुंची। सभी को एम्बुलेंस की मदद से अमरपाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां से गंभीर घायल अक्षय, नरेंद्र और राजेंद्र शर्मा को सतना रेफर कर दिया गया। यहां तीनों को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। बाकी दो को मामूली चोट आई है।
संघ के पदाधिकारी थे मनोज
बताया गया है कि मृतक मनोज विश्वकर्मा इंदौर में आरएसएस के शारीरिक प्रमुख थे। राजेंद्र शर्मा निजी कंपनी में अकाउंटेंट थे।सूचना पर बड़ी संख्या में सतना में संघ के कार्यकर्ता भी पहुंच गए।