मऊगंज,देशबन्धु. मऊगंज जिले के शाहपुर थाना अंतर्गत गड़रा गांव में 15 मार्च को हुई हिंसा के मामले में मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई की गई है। मऊगंज के कलेक्टर अजय श्रीवास्तव व एसपी रसना ठाकुर को हटाते हुये मुख्यालय अटैच कर दिया गया है। उनके स्थानांतरण का आदेश मंगलवार की देर रात जारी किया गया है। वहीं घायल पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारियों की हालत में सुधार है, वे खतरे से बाहर बताये गये हैं।
बताया जा रहा है कि मऊगंज का नया कलेक्टर संजय कुमार जैन को बनाया गया है। वहीं आईपीएस दिलीप सोनी को पुलिस कप्तान नियुक्त किया गया है। सूत्रों ने बताया है कि दोनों ही अधिकारी अपने सख्त कार्यप्रणाली को लेकर जाने जाते हैं। अब देखना होगा कि मऊगंज की बिगड़ी कानून व्यवस्था को ये अधिकारी कैसे मैनेज करते हैं। उक्त अधिकारियों को जल्द से जल्द मऊगंज में आमद देने का आदेश भी दिया गया है।
वहीं संजय गांधी अस्पताल में भर्ती तहसीलदार केएल पनिका, थाना प्रभारी संदीप भारती, एसआई जवाहर सिंह यादव समेत आरक्षक अंकित शुक्ला की हालत पहले से बेहतर बतायी गई है। चिकित्सकों की माने तो उक्त सभी खतरे से बाहर हैं। तहसीलदार को ठीक होने में कुछ वक्त लगेगा, जबकि अन्य को कुछ ही दिनों में छुट्टी दे दी जायेगी।
अब तक 29 हुये गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हिंसा करने वाले आरोपियों की धरपकड़ तेजी से चल रही है। अब तक मामले में 29 को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसमें से 7 आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। जबकि अन्य से पूछताछ चल रही है। इन आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है। वहीं अन्य फरार आरोपियों को पकड़ने के लिये टीम संभावित ठिकानों में दबिश दे रही है।