नई दिल्ली. ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को दुनिया के सामने बेनकाब करने के लिए भारत से सांसदों का प्रतिनिधिमंडल विदेश का दौरा करेगा। सरकार ने प्रतिनिधिमंडल के कुछ ग्रुप बनाए हैं। इसमें विभिन्न दलों के सांसदों को भी शामिल किया गया है।
इसमें कांग्रेस सांसद शशि थरूर का नाम भी शामिल किया गया है। लेकिन, कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा ने उनके द्वारा दिए नामों को अस्वीकार कर अपनी मनमर्जी चलाई। कांग्रेस के इन आरोपों पर दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि क्या शशि थरूर भारतीय नहीं हैं, क्या शशि थरूर पाकिस्तान से आए हैं।
मीडिया के सवालों पर उन्होंने कहा कि अगर शशि थरूर संसद में बैठते हैं, तो क्या उन्हें भारत के लोगों ने नहीं चुना है। जब हमारे देश के 140 करोड़ लोगों में से किसी को देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए भेजा जाता है, तो यह सम्मान की बात होनी चाहिए। और अगर वह कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करते हैं, तो यह कांग्रेस के लिए और भी बड़ा सम्मान है।
कांग्रेस को गंदी राजनीति नहीं करना चाहिए। यह वक्त राजनीति करने का नहीं है।
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल पर टीएमसी के रुख पर मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि यह वाकई बहुत दुख की बात है। ऐसे समय में जब देश को एकजुट होना चाहिए, विपक्षी दल राजनीति करने में लगे हैं। यह किसी राजनीतिक दल की लड़ाई नहीं है, यह हमारे देश के खिलाफ बनाए गए आतंक के माहौल के खिलाफ लड़ाई है।
चुनाव आयोग ने झारखंड के बीएलओ पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम किया शुरू
हमारा देश और हमारे सशस्त्र बल इस लड़ाई को लड़ रहे हैं, और इसमें कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। मैं जरूर कहना चाहता हूं कि जो राजनीति करना चाह रहे हैं उन्हें इस वक्त राजनीति नही करना चाहिए। पूरी दुनिया ने हमारी सेना के पराक्रम को देखा है कि अगर भारत की आत्मा पर कोई हमला करेगा सिर्फ देश के लोग ही नहीं बल्कि सभी राजनीतिक दल भी एकजुट हो जाएंगे।
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि हॉटस्पॉट की पहचान कर ली गई है और पीएम 2.5 कणों को हवा में फैलने से रोकने और प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए तुरंत मिस्ट स्प्रिंकलर लगाए जा रहे हैं। हमारी तरफ से पहले ही निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
गोल्डन टेंपल पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपनी नापाक हरकत से कभी भी बाज नहीं आया। गुरुद्वारा साहिब को नुकसान पहुंचाने की उसकी कोशिश का हमारी सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। पाकिस्तान का यह चेहरा पूरी दुनिया में बेनकाब हुआ है कि कैसे उसने हमारे धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने के लिए साजिश रची थी।