सिवनी, देशबन्धु. सिवनी में मंगलवार शाम करीब 5-30 बजे हिट एंड रन का मामला सामने आया है। जिला मुख्यालय से मंडला रोड पर भोमा के पास किसी वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी।
बाइक का नंबर एमपी 50 जेडसी 3575 है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे को गंभीर चोटें आई। घायल व्यक्ति की उम्र 58 वर्ष है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। डूंडा सिवनी थाना प्रभारी सतीश कुमार तिवारी के अनुसार, घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मृतक के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फरार वाहन चालक की तलाश जारी है। साथ ही मृतक और घायल की पहचान की कोशिश की जा रही है।
बाइक फिसलने से दो घायल
सिवनी, देशबन्धु. जिले के रूपदोंन गांव के पास मंगलवार शाम 4 बजे एक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में दो लोग घायल हो गए।
घायलों में ग्राम कटिया निवासी अजब सिंह ( 45 ) और गोविंद ( 50 ) शामिल हैं। दोनों बाइक से अनखवाड़ा गांव जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घंसौर थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह झारिया ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।
दुर्घटना स्थल पर आमतौर पर लोगों और वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। पुलिस लगातार लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील कर रही है।