जबलपुर. स्वच्छता सर्वेक्षण में पांचवें स्थान के बाद अब जबलपुर नगर निगम ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 में देश में दूसरा स्थान हासिल कर एक नई उपलब्धि हासिल की है। इस शानदार प्रदर्शन के लिए जबलपुर को केंद्रीय पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव द्वारा दिल्ली में आयोजित एक समारोह में सम्मानित किया गया।
यह सम्मान जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और निगमायुक्त प्रीति यादव ने ग्रहण किया। इस मौके पर नगर निगम को 1 करोड़ रुपए का पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने इस उपलब्धि को सभी जबलपुरवासियों को समर्पित करते हुए कहा कि यह नागरिकों के स्वास्थ्य का ध्यान रखने, ग्रीन सिटी और क्लीन सिटी बनाने के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने शहर में उठाए गए कदमों जैसे सघन वृक्षारोपण, ग्रीन वॉल, पाथवे, धूल रहित सड़कों का निर्माण और डी-फॉगर मशीनों के उपयोग का भी उल्लेख किया।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने जबलपुर की इस सफलता की सराहना करते हुए इसे अन्य शहरों के लिए एक मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
निगमायुक्त प्रीति यादव ने इस सफलता का श्रेय नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत को दिया। उन्होंने स्वच्छ वायु परियोजना के नोडल अधिकारी संभव अयाची और उनकी टीम के प्रयासों की भी सराहना की, जिनकी लगन से यह ऐतिहासिक उपलब्धि संभव हो पाई