मुंबई. मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मुंबई के आजाद मैदान में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे मराठा नेता मनोज जरांगे पाटिल को मुंबई पुलिस ने मैदान खाली करने का नोटिस जारी किया है. यह कार्रवाई अदालत के निर्देशों के बाद की गई है. पुलिस ने न केवल जरांगे पाटिल के विरोध प्रदर्शन की अनुमति को अस्वीकार किया है, बल्कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है.
पुलिस ने जारी किया नोटिस:
मुंबई पुलिस के आजाद मैदान थाने ने मनोज जरांगे पाटिल की कोर कमेटी को एक नोटिस भेजा है, जिसमें उन्हें जल्द से जल्द आजाद मैदान खाली करने का निर्देश दिया गया है. नोटिस में जरांगे पाटिल द्वारा की गई कुछ विवादास्पद टिप्पणियों का भी उल्लेख है, जिन पर पुलिस ने संज्ञान लिया है. जरांगे पाटिल शुक्रवार से ही हजारों समर्थकों के साथ आजाद मैदान में डेरा डाले हुए हैं और मराठा समुदाय के लिए आरक्षण की मांग कर रहे हैं. हालांकि, सरकार के साथ उनकी बातचीत अब तक विफल रही है.
प्रदर्शनकारियों पर FIR दर्ज:
पुलिस ने मराठा प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की है. मुंबई के जुहू इलाके में बस यात्रियों के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने यह कदम उठाया. रविवार शाम को जुहू बस स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों और बेस्ट बस यात्रियों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें बस के शीशे तोड़ दिए गए. मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद, जुहू पुलिस स्टेशन में अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. मनोज जरांगे पाटिल के विरोध प्रदर्शन की शुरुआत के बाद यह पहला मामला है, जो पुलिस ने दर्ज किया है.