जबलपुर,देशबन्धु. बीच बचाव करने पर आरोपी ने हंसिया से हमला कर वृद्ध की हत्या कर दी। पुलिस ने सूचना मिलने पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर शव को पंचनामा कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
चरगवां थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम देवरी निवासी जीवन ठाकुर के घर पर मनीराम मरकाम तथा भगत सिंह उम्र 58 साल निमंत्रण में गये थे। उसके घर पर कोदू लाल पहले से उपस्थित थे। दोपहर लगभग ढाई बजे चाय-नाश्ता करने के बाद सभी बैठकर बात कर रहे थे।
बातचीत के दौरान जीवन ठाकुर तथा कोदू लाल के बीच वाद-विवाद हो गया। विवाद के कारण कोदू लाल घर से बाहर निकल गया। जिसके बाद जीवन ठाकुर घर से पलेहा हंसिया लेकर कोदू लाल के पीछे दौड़ते हुए गया। कोदू लाल को बचाने के लिए मनीराम मरकार तथा भगत सिंह उसके पीछे गये।
दोनों ने शिव प्रसाद ठाकुर के घर के सामने जीवन ठाकुर को रोक तो वह उनसे विवाद करने लगा और हंसिया से भगत सिंह ठाकुर के सिर पर हमला कर दिया। हंसिये के प्रहार से भरत सिंह को सिर के दाहिने तरफ चोट आई थी। जिसके कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था।
पुलिस ने सूचना मिलने ने सूचना मिलने पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम को रवाना कर दिया गया था। पुलिस टीम ने कुछ ही घंटे में आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हंसिये को बरामद कर लिया गया है।