नरसिंहपुर, देशबन्धु.रंगपंचमी के मौके पर जमकर रंग-गुलाल बरसा। नगर के पत्रकार जन संवाद केन्द्र में भी रंगपंचमी पर जिले के समस्त पत्रकारों ने एक दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए जमकर रंग-गुलाल और नाचते गाते नजर आए। सभी ने पर्व का भरपूर आनंद लिया। अलसुबह से ही सक्रिय हुरयारे देर शाम तक सड़कों पर दिखाई दिये। उत्साही युवाओं एवं बच्चों ने सुबह से दोपहर तक अपने मित्रों एवं परिचितों को रंग गुलाल से सराबोर किया। लोगों ने जमकर धुरेड़ी खेली और रंगपंचमी पर्व पर लोगों ने बड़े ही उत्साह एवं उमंग के साथ पर्व का भरपूर आनंद लिया।
सूने रहे बाजार,गलियों में हुरयारों की धूम- रंगपंचमी अवसर पर नगर के लगभग सभी बाजार बंद रहे। यहां सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के शटर गिरे हुए नजर आ रहे थे। बाजार तो बंद दिखे ही, नगर के भीतरे हिस्सों, गलियों की दुकानें भी बंद रहीं, और लोगों को चाय, नाश्ते तक के लिए परेशान होना पड़ा। हालात यह थे कि चाय, पान की इक्का-दुक्का होटलें ही खुली नजर आ रही थीं। कुछ पेट्रोल पंप भी सुबह के समय बंद रहे और शाम को जैसे ही पेट्रोल पंप खुला वहां उपभोक्ताओं की भीड़ लग गई। वहीं रंगपंचमी के दौरान लोग जिले के अपने पसंदीदा स्थानो पर पहुंचे। नर्मदा तटों समेत दिल्हेरी, टोन घाट समेत अन्य स्थानो पर लोग पिकनिक मनाने पहुंच गये।