
कोल्लम। माता-पिता की संपत्ति लेने के बाद उनकी उपेक्षा करने या उनके साथ दुर्व्यवहार करने वाले बच्चों को अब जेल की सजा हो सकती है। केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने बताया कि राज्य विधानसभा से पारित वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल और अधिकारों से जुड़े विधेयक में ऐसे मामलों के लिए तीन साल तक की सजा का प्रावधान है।
सतीशन ने सोमवार को पथानापुरम के गांधी भवन में बुजुर्ग पुरुषों के लिए बनाए गए आधुनिक आवासीय केंद्र 'पितृमंदिरम' का उद्घाटन करते हुए यह जानकारी दी। इस केंद्र के निर्माण पर 20 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, विधेयक को राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद इसके प्रावधान लागू हो सकेंगे।
मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने कहा कि सरकार ने जानबूझकर विधेयक में ऐसा प्रावधान शामिल किया है, जिसके तहत माता-पिता की पूरी संपत्ति लेने के बाद उनकी उपेक्षा करने वाले बच्चों पर कार्रवाई हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि बच्चों के बड़े और सफल हो जाने के बाद माता-पिता को अकेला छोड़ देना उचित नहीं है। केरलम में ऐसी संस्कृति नहीं होनी चाहिए। परिवारों को बुजुर्ग माता-पिता को अपने साथ रखना और उनकी देखभाल करनी चाहिए।
सतीशन ने कहा कि उनका सबसे बड़ा सपना है कि राज्य में कोई भी बुजुर्ग अकेला न रहे। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों से माता-पिता के संघर्ष और बच्चों की परवरिश में उनके योगदान को याद रखने की अपील भी की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार ने सत्ता में आने के बाद बुजुर्गों के लिए अलग विभाग बनाने का फैसला किया था। उन्होंने इसे देश में अपनी तरह की पहली पहल बताया।
सतीशन के अनुसार, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के लिए नया विधेयक तैयार किया गया है। विधानसभा ने 26 अक्टूबर को इसे सर्वसम्मति से पारित किया था।
केरलम वरिष्ठ नागरिक (देखभाल और अधिकारों का संरक्षण) विधेयक, 2026 में बुजुर्गों की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े कई प्रावधान शामिल हैं।
1. दुर्व्यवहार और उपेक्षा पर सजा: परिवार के सदस्य, रिश्तेदार, कानूनी वारिस, देखभाल केंद्र के कर्मचारी या देखभाल करने वाले बुजुर्गों के साथ शारीरिक या मानसिक दुर्व्यवहार और क्रूरता करते हैं तो उन्हें तीन साल तक की जेल और 50 हजार रुपये तक जुर्माना हो सकता है।
2. बुजुर्गों को छोड़ने पर कार्रवाई: परिवार का कोई सदस्य या कानूनी वारिस बुजुर्ग को उनकी सहमति के बिना किसी देखभाल केंद्र या अन्य स्थान पर छोड़कर उनसे छुटकारा पाने की कोशिश करता है, तो उसे भी तीन साल तक की जेल और 50 हजार रुपये तक जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है।
3. 48 घंटे में शिकायत की व्यवस्था: डॉक्टरों और वरिष्ठ नागरिक देखभाल केंद्रों को दुर्व्यवहार, उपेक्षा या शोषण की जानकारी संबंधित जिला इकाई को देनी होगी। यदि जांच में भोजन, पानी या दवा से वंचित रखने अथवा संदिग्ध शारीरिक चोट के संकेत मिलते हैं, तो 48 घंटे के भीतर रिपोर्ट करना जरूरी होगा।
4. वृद्धाश्रमों का पंजीकरण अनिवार्य: बुजुर्गों के देखभाल केंद्रों का पंजीकरण और निगरानी की व्यवस्था होगी। बिना पंजीकरण केंद्र चलाने पर सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
5. देखभाल करने वालों का प्रशिक्षण: बुजुर्गों की देखभाल करने वालों के लिए प्रशिक्षण और प्रमाणन की व्यवस्था होगी। प्रशिक्षित देखभालकर्ताओं का राज्य स्तर पर रजिस्टर भी तैयार किया जाएगा।
6. मुफ्त कानूनी सहायता: बुजुर्गों को अपने अधिकारों की रक्षा और कानूनी मामलों में मदद के लिए मुफ्त कानूनी सहायता मिलेगी।
7. साइबर ठगी से सुरक्षा: ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होने वाले बुजुर्गों की शिकायतों को प्राथमिकता देने के लिए पुलिस साइबर सेल और वित्तीय संस्थानों के बीच समन्वय की व्यवस्था होगी।
8. विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं: अल्जाइमर, डिमेंशिया और पार्किंसन जैसी बीमारियों से जूझ रहे बुजुर्गों की जरूरतों के अनुसार देखभाल और स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रावधान किया गया है।
9. बुजुर्ग महिलाओं को प्राथमिकता: विधवा, बेसहारा, दिव्यांग, बेघर और हिंसा की शिकार बुजुर्ग महिलाओं को सरकारी देखभाल केंद्रों में प्राथमिकता मिलेगी।
10. लिविंग विल का अधिकार: बुजुर्ग गंभीर बीमारी या जीवन के अंतिम चरण में मिलने वाले इलाज को लेकर अपनी इच्छा पहले से लिखित रूप में दर्ज करा सकेंगे। इसे लिविंग विल कहा जाता है।
इसके अलावा बुजुर्गों को डिजिटल सेवाओं, सरकारी सुविधाओं और जरूरी सहायक उपकरणों तक पहुंच देने की व्यवस्था भी विधेयक में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने पथानापुरम के गांधी भवन में बुजुर्ग पुरुषों के लिए बनाए गए आवासीय केंद्र पितृमंदिरम का उद्घाटन किया। इसके निर्माण पर 20 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस केंद्र के निर्माण के लिए लुलु समूह के अध्यक्ष एमए यूसुफ अली ने आर्थिक सहयोग दिया है।
सतीशन ने यूसुफ अली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने जरूरतमंद लोगों की मदद को अपनी जिम्मेदारी बनाया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, समाज के सक्षम लोगों को भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।
Leave A Reviews