
सिंगरौली जिले में स्थित अडानी पावर के पावर प्लांट में एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में काम के दौरान ऊंचाई से गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद मजदूरों में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए श्रमिकों ने प्लांट परिसर में तोड़फोड़ कर दी।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर शाम प्लांट में मैकेनिकल कार्य के दौरान मजदूर ऊंचाई से गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मजदूरों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन ने कुछ समय तक शव को छिपाए रखा, जिससे श्रमिकों का गुस्सा और भड़क गया।
आक्रोशित मजदूरों ने कंपनी परिसर में हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की और बाहर खड़ी एक गाड़ी को पलट दिया। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन मजदूरों के विरोध के कारण हालात काफी देर तक तनावपूर्ण बने रहे।
मजदूरों का आरोप है कि प्लांट में सुरक्षा नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उनका कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत न होने से मजदूरों की जान खतरे में पड़ रही है।
बताया जा रहा है कि मजदूरों की भीड़ के सामने पुलिस को भी पीछे हटना पड़ा। वहीं हादसे के बाद देर तक जिला प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे मजदूरों का आक्रोश और बढ़ गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि इस प्लांट में इससे पहले भी कई विवाद और घटनाएं हो चुकी हैं।
-
1 फरवरी 2025 को ट्रक हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने प्लांट से जुड़े कई बसों और ट्रकों में आग लगा दी थी।
-
2 अक्टूबर 2024 को ऐश डैम पर मुआवजे को लेकर गार्ड्स और ग्रामीणों के बीच झड़प में कई लोग घायल हुए थे।
-
वहीं 3 सितंबर 2022 को भूमि मुआवजा और पर्यावरणीय मुद्दों को लेकर स्थानीय लोगों ने प्लांट के खिलाफ चक्का जाम किया था।
फिलहाल घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave A Reviews