हैदराबाद, 19 मई (आईएएनएस)। तेलंगाना में गर्मी लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने आने वाले 4 से 5 दिनों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। आईएमडी वैज्ञानिक धर्मा राजू ने कहा कि राज्य के कई हिस्सों, खासकर उत्तरी और पूर्वी जिलों में तापमान और बढ़ने वाला है। उन्होंने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
![]()
हैदराबाद, 19 मई (आईएएनएस)। तेलंगाना में गर्मी लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने आने वाले 4 से 5 दिनों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। आईएमडी वैज्ञानिक धर्मा राजू ने कहा कि राज्य के कई हिस्सों, खासकर उत्तरी और पूर्वी जिलों में तापमान और बढ़ने वाला है। उन्होंने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
धर्मा राजू ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि पिछले दो दिनों से तेलंगाना में तापमान लगातार बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में भी यही स्थिति बनी रहने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि आदिलाबाद, कोमाराम भीम, निजामाबाद और जगित्याल जैसे उत्तरी जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों में उत्तरी तेलंगाना के साथ-साथ पूर्वी जिलों में भी गर्मी और ज्यादा बढ़ सकती है।
उन्होंने आगे बताया कि खम्मम और नलगोंडा जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर पहुंच सकता है। वहीं, राज्य के बाकी जिलों में तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
धर्मा राजू ने कहा कि पिछले दिनों आदिलाबाद में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। आदिलाबाद में रात का तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे दिन और रात दोनों समय गर्मी महसूस की जा रही है।
उन्होंने बताया कि निजामाबाद में दिन का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह मेडक जिले में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
आईएमडी के अनुसार, राजधानी हैदराबाद और उसके आसपास के इलाकों में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज धूप और लू से बचने के लिए दोपहर के समय बाहर निकलने से परहेज करें, ज्यादा पानी पिएं और जरूरी होने पर ही घर से बाहर जाएं। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है, इसलिए सावधानी बेहद जरूरी है।
वहीं दूसरी ओर, आईएमडी ने दिल्ली के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इस पर एक पर्यटक ने आईएएनएस से कहा, "मैं भरतपुर से आया हूं। यहां भरतपुर के मुकाबले काफी ज्यादा गर्मी है, और इस गर्मी की वजह से मेरा बाहर निकलने या घूमने-फिरने का बिल्कुल मन नहीं कर रहा है।"
एक अन्य पर्यटक ने कहा, "यहां दिल्ली में घूमने आए हैं, तापमान में लगातार बढ़ोतरी के कारण घूमने के लिए यह समय अच्छा नहीं जा रहा है। फिर भी घूमने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि दिल्ली तो दिल्ली ही है।"
एक दूसरे पर्यटक ने कहा कि यहां तो गर्मी बहुत है, लेकिन घूमने में बहुत मजा आ रहा है। हम ज्यादा पानी पी रहे हैं।
--आईएएनएस
वीकेयू/डीकेपी
Leave A Reviews