Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

आइसलैंड में गूंजा उत्तर प्रदेश का सांस्कृतिक वैभव, निवेश और पर्यटन संभावनाओं पर भी जोर


रेक्याविक, 20 सितंबर (आईएएनएस)। आइसलैंड स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन कर राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन, व्यापार और निवेश की संभावनाओं को सामने रखा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह शामिल हुए।

रेक्याविक, 20 सितंबर (आईएएनएस)। आइसलैंड स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन कर राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन, व्यापार और निवेश की संभावनाओं को सामने रखा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह शामिल हुए।

आइसलैंड स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया, "राजदूत आर. रवींद्र ने उत्तर प्रदेश में व्यापार और निवेश के अवसरों पर प्रकाश डाला। आइसलैंड के फोटोग्राफर और लेखक एइनार फालुर इंगोल्फ्सन ने वाराणसी सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों की अपनी यात्राओं के अनुभव साझा किए।"

इसमें आगे बताया गया, "कार्यक्रम में इस्कॉन के सदस्यों ने मनोहर कीर्तन प्रस्तुत किया। भारतीय मूल के लोगों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उत्तर प्रदेश के 'एक जिला एक उत्पाद' (ओडीओपी) की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसके अलावा, राज्य में पर्यटन, व्यापार और निवेश की संभावनाओं को दर्शाने वाले वीडियो भी प्रदर्शित किए गए।"

दूतावास ने कार्यक्रम को उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत और राज्य में मौजूद अवसरों को आइसलैंड में प्रदर्शित करने वाला आयोजन बताया।

इससे एक दिन पहले शनिवार को भारतीय दूतावास ने आइसलैंड में भारतीय समुदाय को जोड़ते हुए 'विकसित भारत रन 2026' का आयोजन किया था। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने इसका विधिवत उद्घाटन किया।

दूतावास के अनुसार, 'विकसित भारत रन' का उद्देश्य फिटनेस, एकता, सामुदायिक भावना और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की यात्रा में नागरिकों की भागीदारी को बढ़ावा देना है। यह आयोजन 'सेवा पखवाड़ा' की भावना से भी जुड़ा है, जो 2 अक्टूबर को गांधी जयंती तक चलेगा। इसका उद्देश्य समाज की सेवा, सामूहिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक के योगदान को रेखांकित करना है।

दोनों ने रेक्याविक स्थित भारतीय दूतावास परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम' पहल के तहत पौधारोपण भी किया। दूतावास ने कहा कि इस पहल के माध्यम से पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना को बढ़ावा दिया गया।

दूतावास के अनुसार, पौधारोपण कार्यक्रम ने 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान के लिए भी सकारात्मक माहौल तैयार किया। यह अभियान 'स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत' थीम के अनुरूप चलाया जा रहा है।

भारतीय दूतावास ने 17 सितंबर को 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान की शुरुआत की थी। यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के शुभारंभ मौके पर राजदूत आर. रवींद्र ने दूतावास के अधिकारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और स्वयं अधिकारियों के साथ श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया।

--आईएएनएस

केआर/

Date & Time : 2026-09-20 18:15:05

Share:

Leave A Reviews

Related News