Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

ईरान के नेताओं पर अमेरिका का बड़ा ऐलान: मोजतबा खामेनेई समेत कई अधिकारियों की जानकारी देने पर 10 मिलियन डॉलर तक का इनाम

अमेरिका ने ईरान के शीर्ष नेताओं के बारे में जानकारी देने वालों के लिए बड़ा इनाम घोषित किया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों के बारे में जानकारी देने पर 10 मिलियन डॉलर (करीब 1 करोड़ डॉलर) तक का इनाम देने की घोषणा की है।

यह घोषणा अमेरिकी विदेश विभाग के ‘रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस’ कार्यक्रम के तहत की गई है। विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्टर जारी कर लोगों से उन व्यक्तियों के बारे में जानकारी देने की अपील की है, जिन्हें अमेरिका ने ईरानी आतंकवादी नेटवर्क से जुड़ा बताया है। पोस्टर में कहा गया है कि विश्वसनीय जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 मिलियन डॉलर तक का इनाम दिया जा सकता है।

इस सूची में दिवंगत अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे और ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के साथ कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। इनमें ईरान के खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब, उप चीफ ऑफ स्टाफ अली असगर हेजाजी, मेजर जनरल याह्या रहीम सफावी, आंतरिक मंत्री ब्रिगेडियर जनरल एस्कंदर मोमेनी और सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी के नाम शामिल हैं।

अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार ये सभी अधिकारी ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर्प्स (आईआरजीसी) की विभिन्न शाखाओं की निगरानी करने वाली नेतृत्व संरचना का हिस्सा माने जाते हैं। वाशिंगटन का आरोप है कि आईआरजीसी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभियानों की योजना बनाने और उन्हें संचालित करने में शामिल है।

विदेश विभाग ने यह भी कहा है कि जिन लोगों के पास इन अधिकारियों या आईआरजीसी के अन्य वरिष्ठ कमांडरों के बारे में जानकारी है, वे ‘रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस’ कार्यक्रम के एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म या टोर नेटवर्क के सुरक्षित चैनलों के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने यह भी आश्वासन दिया है कि विश्वसनीय जानकारी देने वालों को आवश्यकता पड़ने पर किसी दूसरे देश में बसाने की सुविधा भी दी जा सकती है।

गौरतलब है कि यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है और वाशिंगटन ईरान के सुरक्षा और खुफिया नेटवर्क पर दबाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।

Share:

Leave A Reviews

Related News