मस्कट, 6 नवंबर (आईएएनएस)। मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 में शुक्रवार को सलामी जोड़ी के रूप में आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने नाबाद अर्धशतक जड़े, जिसके दम पर भारत ने नेपाल को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी।
![]()
मस्कट, 6 नवंबर (आईएएनएस)। मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 में शुक्रवार को सलामी जोड़ी के रूप में आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने नाबाद अर्धशतक जड़े, जिसके दम पर भारत ने नेपाल को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी।
शुक्रवार को अल अमरात क्रिकेट ग्राउंड में 129 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए, आर्यवीर और रायचंदानी ने भारत को सिर्फ 19.1 ओवर में ही जीत दिला दी। इससे पहले, तेज गेंदबाज ईशान सूद ने तीन विकेट चटकाए, जिसकी बदौलत नेपाल की पूरी टीम 42.3 ओवर में 128 रनों पर सिमट गई।
पिच पर घास की हल्की परत थी, जिस पर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लेते हुए सूद ने अपने शुरुआती 6 ओवरों के स्पेल में गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराया और कई बार बल्लेबाजों को छकाया। सूद ने तीन विकेट लिए, जिससे नेपाल के बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए। सूद ने लगातार 10 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 4 मेडन ओवर शामिल रहे और उन्होंने 18 रन देकर 3 विकेट लिए।
शुरुआती झटकों के बाद दर्श सोनार (93 गेंदों में 43 रन) ने पारी को संभाला। उन्होंने नीरज यादव के साथ 24 और आशीष के साथ 43 रनों की साझेदारी करते हुए नेपाल को 100 रनों के पार पहुंचाया। आशीष और दर्श की साझेदारी टूटने के बाद नेपाल का निचला क्रम ताश के पत्तों की तरह ढह गया। बाएं हाथ के स्पिनर अर्जुन राजपूत ने 3 विकेट लिए, जबकि यशवीर गौड़ ने 2 विकेट चटकाए, जिससे नेपाल की टीम 128 रनों पर ऑल आउट हो गई।
जब भारत ने लक्ष्य का पीछा करना शुरू किया, तब तक नई गेंद ज्यादा स्विंग नहीं हो रही थी। आर्यवीर और रायचंदानी ने शुरुआती कुछ ओवर संभलकर खेले और फिर नियमित अंतराल पर बाउंड्री लगाना शुरू कर दिया। पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने नेपाल के स्पिनर्स को खास तौर पर निशाना बनाया।
उन्होंने कई बार क्रीज से बाहर निकलकर गेंद को हवा में खेला और सिर्फ 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। रायचंदानी स्ट्राइक रोटेट करने में संतुष्ट थे, जबकि आर्यवीर ने आक्रामक रुख अपनाया और बाद में 59 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
185 गेंदें शेष रहते मिली इस शानदार जीत के साथ, भारत दो अंकों और 4.170 के नेट रन रेट के साथ ग्रुप ए में शीर्ष पर पहुंच गया है। रविवार को ग्रुप ए के अपने दूसरे मुकाबले में भारत का सामना अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा।
--आईएएनएस
आरएसजी
Leave A Reviews