Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

आंध्र प्रदेश को मिली बड़ी स्वास्थ्य सौगात, जेपी नड्डा ने 10 क्रिटिकल केयर ब्लॉक और 12 पब्लिक हेल्थ लैब का किया उद्घाटन


अमरावती, 12 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को आंध्र प्रदेश में 10 क्रिटिकल केयर ब्लॉक (सीसीबी) और 12 इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी (आईपीएचएल) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सत्या कुमार यादव, सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ मौजूद रहे।

अमरावती, 12 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को आंध्र प्रदेश में 10 क्रिटिकल केयर ब्लॉक (सीसीबी) और 12 इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी (आईपीएचएल) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सत्या कुमार यादव, सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह केवल नई स्वास्थ्य इमारतों का उद्घाटन नहीं है, बल्कि आंध्र प्रदेश और देश की स्वास्थ्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि क्रिटिकल केयर ब्लॉक और इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब एक मजबूत स्वास्थ्य प्रणाली की दो अहम कड़ियां हैं। एक गंभीर मरीजों की जान बचाने में मदद करती है, जबकि दूसरी बीमारियों का समय रहते पता लगाकर बड़े स्वास्थ्य संकट को रोकने में सहायक होती है।

जेपी नड्डा ने कोविड-19 महामारी का जिक्र करते हुए कहा कि इस संकट ने दिखाया कि स्वास्थ्य आपात स्थिति कितनी तेजी से आर्थिक, सामाजिक और राष्ट्रीय संकट में बदल सकती है। उन्होंने कहा कि कोविड ने यह सिखाया कि 'स्वास्थ्य सुरक्षा ही राष्ट्रीय सुरक्षा है।'

उन्होंने बताया कि महामारी के दौरान कई अस्पतालों को कोविड केंद्रों में बदलना पड़ा, जिससे अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं। इसी अनुभव के आधार पर प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन की शुरुआत की गई, ताकि भविष्य में महामारी और स्वास्थ्य आपात स्थितियों का बेहतर तरीके से सामना किया जा सके।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पीएम-एबीएचआईएम के तहत देशभर में 631 क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्वीकृत किए गए हैं। आंध्र प्रदेश के लिए पांच वर्षों की योजना अवधि में 1,271.80 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।

इस योजना के तहत राज्य में 24 क्रिटिकल केयर ब्लॉक और 26 इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब स्वीकृत की गई हैं। इनमें से 24 क्रिटिकल केयर ब्लॉकों के निर्माण के लिए लगभग 606 करोड़ रुपए का निवेश किया गया है।

नड्डा ने कहा कि गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़े, इसलिए जिला स्तर पर ही आधुनिक और उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि आंध्र प्रदेश में 26 इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब के लिए 32.50 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। सभी 26 लैब का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इनमें से 14 लैब पहले से कार्यरत हैं, जबकि शेष 12 लैब का उद्घाटन किया गया है।

उन्होंने कहा कि कोविड महामारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि किसी भी स्वास्थ्य आपदा से प्रभावी ढंग से लड़ने के लिए समय पर बीमारी का पता लगाना बेहद जरूरी है, इसलिए प्रयोगशालाएं केवल जांच केंद्र नहीं, बल्कि देश की स्वास्थ्य सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार की योजना केवल बड़े अस्पताल बनाने तक सीमित नहीं है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं गांव और समुदाय स्तर तक पहुंचाई जा रही हैं। वहीं, पीएचसी और सीएचसी को मजबूत किया जा रहा है तथा जिला स्तर पर क्रिटिकल केयर ब्लॉक और पब्लिक हेल्थ लैब स्थापित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि देश की स्वास्थ्य नीति अब केवल अस्पतालों तक सीमित नहीं है, बल्कि एक समग्र स्वास्थ्य प्रणाली विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देशभर में 1.75 लाख से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जा चुके हैं। इन केंद्रों पर मधुमेह, उच्च रक्तचाप, गर्भावस्था जांच, टीकाकरण और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि अब तक 42 करोड़ से अधिक लोगों की डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर की जांच की जा चुकी है। वहीं, करोड़ों लोगों की कैंसर स्क्रीनिंग भी की गई है। उन्होंने एचपीवी वैक्सीन को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

नड्डा ने कहा कि यू-विन डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से बच्चों और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण की निगरानी की जा रही है। उन्होंने मिशन इंद्रधनुष के तहत बेहतर प्रदर्शन के लिए आंध्र प्रदेश की सराहना की।

उन्होंने बताया कि देश में संस्थागत प्रसव की दर 90 प्रतिशत से अधिक हो गई है। मातृ मृत्यु दर, नवजात मृत्यु दर और पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों की मृत्यु दर में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। साथ ही तपेदिक (टीबी) के मामलों में भी गिरावट आई है और उपचार कवरेज 90 प्रतिशत से अधिक पहुंच चुका है।

जेपी नड्डा ने आंध्र प्रदेश सरकार, स्वास्थ्य विभाग, डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ, लैब तकनीशियनों, आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की।

उन्होंने कहा, "इमारतें और तकनीक स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता बढ़ा सकती हैं, लेकिन अंततः लोगों की सेवा लोग ही करते हैं।" उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से नई सुविधाओं का उपयोग दक्षता, संवेदनशीलता और गरिमा के साथ करने का आह्वान किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था में बदलाव लाने में आंध्र प्रदेश की भूमिका महत्वपूर्ण है और राज्य के सफल मॉडल देश के अन्य हिस्सों के लिए भी प्रेरणा बन सकते हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Date & Time : 2026-09-12 18:25:03

Share:

Leave A Reviews

Related News