Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

आपदा से पहले तैयारी ही जन-धन की हानि रोकने का सबसे बड़ा माध्यम: सीएम योगी


लखनऊ, 22 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नागरिक सुरक्षा का अर्थ किसी भी नागरिक को संकट की घड़ी में अकेला नहीं छोड़ना है। आपदा, दुर्घटना या राष्ट्रीय विपत्ति कभी तिथि देखकर या बताकर नहीं आती, इसलिए जब संकट आए तब कुआं खोदने के बजाय पहले ही हमारी पूरी तैयारी रहनी चाहिए। मुख्यमंत्री रविवार को लखनऊ स्थित रिजर्व पुलिस लाइंस में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा आयोजित एयर रेड व ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज 2026 को संबोधित कर रहे थे।

लखनऊ, 22 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नागरिक सुरक्षा का अर्थ किसी भी नागरिक को संकट की घड़ी में अकेला नहीं छोड़ना है। आपदा, दुर्घटना या राष्ट्रीय विपत्ति कभी तिथि देखकर या बताकर नहीं आती, इसलिए जब संकट आए तब कुआं खोदने के बजाय पहले ही हमारी पूरी तैयारी रहनी चाहिए। मुख्यमंत्री रविवार को लखनऊ स्थित रिजर्व पुलिस लाइंस में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा आयोजित एयर रेड व ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज 2026 को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि 1962 के भारत-चीन युद्ध के बाद गठित नागरिक सुरक्षा संगठन 2017 तक उत्तर प्रदेश के केवल कुछ गिने-चुने जनपदों तक सीमित था। गत वर्ष 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भारतीय सेना के पराक्रम के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से इसे प्रदेश के सभी 75 जनपदों में विस्तार देने का निर्णय लिया गया। आज सभी 75 जनपदों में सिविल डिफेंस का गठन हो चुका है, 60 जनपदों में जिलाधिकारी इसके नियंत्रक के रूप में कार्य कर रहे हैं और किसी भी युद्ध, प्राकृतिक आपदा या आंतरिक संकट से निपटने के लिए प्रदेश के हर जनपद में एयर सायरन पहुंच चुके हैं। आज प्रदेश में 1,01,362 स्वयंसेवक सुरक्षा की एक अतिरिक्त दीवार और समाज की सामूहिक शक्ति बनकर खड़े हैं।

उन्होंने कहा कि मॉक एक्सरसाइज के दौरान नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और यूपी पुलिस के जवानों ने हवाई हमले और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का सजीव प्रदर्शन किया। अभ्यास में सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी देने तथा रेडियो, लाउडस्पीकर, मोबाइल व अन्य संचार माध्यमों से अलर्ट जारी करने की प्रक्रिया दिखाई गई। ब्लैकआउट की स्थिति में बिजली व रोशनी बंद कर नागरिकों को सुरक्षित स्थानों व आश्रय स्थलों तक पहुँचाने का अभ्यास हुआ। इसके अलावा आग लगने पर अग्निशमन यंत्रों व फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाने तथा गैस रिसाव, शॉर्ट सर्किट और विस्फोट जैसी स्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य का प्रदर्शन किया गया।

इससे पूर्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया, जबकि प्रमुख सचिव, नागरिक सुरक्षा, संयुक्ता समद्दार व डीजी, नागरिक सुरक्षा, अशोक कुमार ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट किया। प्रमुख सचिव ने राज्य मंत्री का भी अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की स्थिति में हम किंकर्तव्यविमूढ़ नहीं रह सकते। सिविल डिफेंस की कार्यपद्धति के पीछे निष्काम भाव से समर्पण की भावना होती है। जब कोई व्यक्ति समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व समझकर निष्काम भाव से कार्य करता है, तो वह प्राकृतिक या मानवीय आपदा में एक जागरूक नागरिक व फर्स्ट रिस्पॉन्डर की भूमिका निभाता है। फर्स्ट रिस्पॉन्डर वही हो सकता है जो स्वयं की परवाह किए बिना साहस, अनुशासन और उचित प्रशिक्षण से युक्त हो।

उन्होंने बताया कि अब तक 1,08,627 नागरिकों, स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी व एनएसएस कैडेट्स और होमगार्ड जवानों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। भारतीय सेना की गोरखा राइफल्स के अधिकारियों ने हमारे मास्टर ट्रेनरों को उच्च-स्तरीय प्रशिक्षण दिया है, ताकि किसी भी घटना में नुकसान की संभावना को शून्य तक पहुंचाया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की मॉक ड्रिल हमारी तैयारियों की परीक्षा है, जिससे पता चलता है कि व्यवस्था कितनी तत्पर है और कहां सुधार की आवश्यकता है। आपदा के समय सही निर्णय, समय पर सूचना और प्रशिक्षित प्रतिक्रिया अनेक नागरिकों के जीवन की रक्षा कर सकती है। पिछले साढ़े नौ वर्षों में आए आमूलचूल परिवर्तन से आम नागरिक का विश्वास मजबूत हुआ है। इसे और सशक्त करने के लिए लखनऊ की तरह प्रदेश के हर जनपद में बाढ़, भूकंप, अग्निकांड, आतंकी घटना और युद्ध के संकट जैसी अलग-अलग परिस्थितियों के लिए नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित की जानी चाहिए, जिसमें सभी सुरक्षा बलों और नागरिक सुरक्षा के युवा स्वयंसेवकों का निरंतर प्रशिक्षण हो।

नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में 1,08,627 नागरिक स्वयंसेवकों को नागरिक सुरक्षा की विभिन्न विधाओं और आपदा प्रबंधन में प्रशिक्षित किया गया है तथा नवसृजित जनपदों में प्रशिक्षण की कार्यवाही जारी है। गृह मंत्रालय की योजना के अंतर्गत केंद्रीय नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान, लखनऊ में प्रदेश के 17 जनपदों के 33 कर्मियों तथा उत्तराखंड राज्य के दो कर्मियों समेत कुल 35 कर्मियों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। इसके अलावा 15 जनपदों के 5,310 स्वयंसेवकों को क्षमता निर्माण के लिए सात-दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया और भारतीय सेना की गोरखा राइफल्स के अधिकारियों द्वारा लखनऊ के 73 नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक मास्टर ट्रेनरों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।

--आईएएनएस

विकेटी/एसके

Date & Time : 2026-11-22 20:10:02

Share:

Leave A Reviews

Related News