Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

आरबीआई को मिला 'इनिशिएटिव ऑफ द ईयर अवॉर्ड', सुरक्षित बैंकिंग डोमेन '.बैंक.इन' के लिए लंदन के सेंट्रल बैंकिंग ने दिया सम्मान

नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। आज के डिजिटल दौर में जहां एक क्लिक में पैसे ट्रांसफर करना और ऑनलाइन शॉपिंग करना आम बात हो गई है, वहीं साइबर फ्रॉड का खतरा भी लगातार बढ़ा है। इसी चुनौती से निपटने के लिए भारत के केंद्रीय बैंक रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी आरबीआई ने एक बड़ी पहल की है, जिसे अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली है। लंदन की प्रतिष्ठित संस्था सेंट्रल बैंकिंग ने आरबीआई को 'इनिशिएटिव ऑफ द ईयर अवॉर्ड' से सम्मानित करने की घोषणा की है।

नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। आज के डिजिटल दौर में जहां एक क्लिक में पैसे ट्रांसफर करना और ऑनलाइन शॉपिंग करना आम बात हो गई है, वहीं साइबर फ्रॉड का खतरा भी लगातार बढ़ा है। इसी चुनौती से निपटने के लिए भारत के केंद्रीय बैंक रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी आरबीआई ने एक बड़ी पहल की है, जिसे अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली है। लंदन की प्रतिष्ठित संस्था सेंट्रल बैंकिंग ने आरबीआई को 'इनिशिएटिव ऑफ द ईयर अवॉर्ड' से सम्मानित करने की घोषणा की है।

आरबीआई को यह सम्मान '.बैंक.इन' डोमेन लॉन्च करने के लिए मिला है। इसके साथ ही भारत दुनिया का पहला देश बन गया है जिसने बैंकिंग सिस्टम के लिए एक सुरक्षित और विशेष इंटरनेट डोमेन को अनिवार्य किया है। अब सभी बैंकों की आधिकारिक वेबसाइट इसी डोमेन पर आधारित होगी, जिससे फर्जी वेबसाइट बनाकर धोखाधड़ी करना बेहद मुश्किल हो जाएगा।

आरबीआई के अनुसार, इस पहल से उपभोक्ताओं का भरोसा बढ़ेगा, डिजिटल पेमेंट से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों में कमी आएगी और वित्तीय प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।

आसान शब्दों में कहें तो जब भी कोई ग्राहक अपने बैंक की वेबसाइट खोलेगा और उसके अंत में '.बैंक.इन' देखेगा, तो वह सुनिश्चित कर सकेगा कि यह असली और सुरक्षित वेबसाइट है। यह पहल ग्राहकों के भरोसे को बढ़ाने के साथ-साथ डिजिटल पेमेंट से जुड़े जोखिम को काफी हद तक कम करेगी।

डिजिटलीकरण ने बैंकिंग और निवेश के तरीके पूरी तरह बदल दिए हैं। आज लेन-देन से लेकर निवेश तक सब कुछ रियल-टाइम में हो रहा है, लेकिन इसके साथ साइबर अपराधों में भी तेजी आई है। खासकर भारत जैसे उभरते देश में, जहां डिजिटल माध्यम वित्तीय समावेशन का बड़ा जरिया है, वहां साइबर सुरक्षा बेहद जरूरी हो जाती है।

इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए आरबीआई ने '.बैंक.इन' डोमेन को लागू किया है। विशेषज्ञों के अनुसार यह कदम साइबर अपराधियों के लिए बड़ी बाधा साबित होगा और फर्जी वेबसाइटों के जरिए होने वाले फ्रॉड पर प्रभावी रोक लगेगी।

इस पहल को सफल बनाने में भारत सरकार, नेशनल इंटरनेट एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनआईएक्सआई), इंस्टीट्यूट फॉर डेवलपमेंट एंड रिसर्च इन बैंकिंग टेक्नोलॉजी (आईडीआरबीटी) और देश के विभिन्न बैंकों ने मिलकर काम किया है। यह सामूहिक प्रयास भारत को डिजिटल सुरक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाई पर ले जा रहा है।

'.बैंक.इन' डोमेन के लागू होने से ग्राहकों को सुरक्षित बैंकिंग अनुभव मिलेगा, जिससे न केवल ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में कमी आएगी, बल्कि बैंकिंग सिस्टम पर लोगों का भरोसा भी मजबूत होगा। अब ग्राहकों के लिए असली और नकली वेबसाइट में अंतर करना आसान हो जाएगा।

इस पहल के जरिए भारत ने न सिर्फ साइबर सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम उठाया है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी एक मिसाल पेश की है। यह अवॉर्ड केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि भारत के मजबूत और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग सिस्टम की अंतरराष्ट्रीय पहचान है। आने वाले समय में इससे वित्तीय स्थिरता और मजबूत होगी और डिजिटल लेन-देन पहले से ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद बन सकेगा।

इस सम्मान के साथ आरबीआई की यह पहल वैश्विक स्तर पर भी एक उदाहरण बनकर उभरी है, जो डिजिटल सुरक्षा और वित्तीय स्थिरता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

--आईएएनएस

डीबीपी

Share:

Leave A Reviews

Related News