Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

बंगाल: कोलकाता में चार मंजिला इमारत का हिस्सा ढहा, बड़ा हादसा टला


कोलकाता, 15 अगस्त (आईएएनएस)। कोलकाता के मध्य क्षेत्र स्थित डैक्रेस लेन में शनिवार को एक चार मंजिला इमारत का हिस्सा अचानक से ढह गया। स्वतंत्रता दिवस के कारण इमारत में स्थित बार और रेस्तरां बंद होने से एक बड़ा हादसा टल गया।

कोलकाता, 15 अगस्त (आईएएनएस)। कोलकाता के मध्य क्षेत्र स्थित डैक्रेस लेन में शनिवार को एक चार मंजिला इमारत का हिस्सा अचानक से ढह गया। स्वतंत्रता दिवस के कारण इमारत में स्थित बार और रेस्तरां बंद होने से एक बड़ा हादसा टल गया।

एस्प्लेनेड इलाके की डैक्रेस लेन सस्ती और लोकप्रिय खान-पान की दुकानों के लिए प्रसिद्ध है। यहां कई इमारतों में रेस्तरां और बार भी हैं, जहां आमतौर पर दफ्तर जाने वाले लोग दोपहर और शाम के समय बड़ी संख्या में आते हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार दोपहर अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए और देखा कि गवर्नमेंट प्लेस ईस्ट स्थित चार मंजिला इमारत का एक बड़ा हिस्सा सड़क पर गिर गया है। इस इमारत में स्थित बार, रेस्तरां और अन्य कारोबारों में रोजाना काफी लोग आते हैं, लेकिन 15 अगस्त होने के कारण पूरा परिसर खाली था।

बताया गया कि इमारत के दूसरे हिस्से में मौजूद केयरटेकर समेत दो लोग सुरक्षित बच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वे दोपहर में सामने स्थित इमारत में बैठे थे, तभी अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो बहुमंजिला इमारत का वही हिस्सा ढह चुका था, जहां लोग आमतौर पर दोपहर के समय बैठकर बातचीत करते थे। घटना के बाद आसपास की इमारतों में रहने वाले लोगों को एहतियात के तौर पर बाहर निकाला गया।

एक स्थानीय निवासी ने बताया कि इमारत में दुकानें, बार और रेस्तरां थे, लेकिन वहां कोई रहता नहीं था। उन्होंने कहा, "आज सब कुछ बंद था, इसलिए एक बड़ा हादसा टल गया। इस इमारत को पहले खतरनाक घोषित नहीं किया गया था।''

घटना की सूचना मिलने के बाद कोलकाता नगर निगम (केएमसी) की ध्वस्तीकरण टीम मौके पर पहुंची। इमारत के आसपास के हिस्सों में भी दरारें दिखाई दी हैं। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर पूरे क्षेत्र को घेर लिया है।

अधिकारियों ने यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि इमारत कैसे ढही।

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि मानसून के दौरान लगातार हुई बारिश से इमारत को नुकसान पहुंचा था, जो इसके गिरने की एक संभावित वजह हो सकती है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share:

Leave A Reviews

Related News