Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

बांकीपुर उपचुनाव: नीतीश कुमार के वीडियो पर प्रशांत किशोर और जदयू आमने-सामने

पटना, 28 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक वीडियो को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर उपचुनाव के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने एनडीए पर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कथित एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से तैयार किया गया वीडियो जारी करने का आरोप लगाया। वहीं, जदयू ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूर्व मुख्यमंत्री का अपमान बताया और प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला।

प्रशांत किशोर ने दावा किया कि बांकीपुर की जनता अपना मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि एनडीए की ओर से जारी किया गया पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का वीडियो पूरी तरह फर्जी और एआई की मदद से तैयार किया गया है। उनका आरोप है कि नीतीश कुमार ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया और न ही वह वीडियो उनका वास्तविक संदेश है।

उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए की स्थिति ऐसी हो गई है कि पहले उन्होंने चुनाव जीतने के लिए अपने सभी विधायक, मंत्री, सांसद और सरकारी तंत्र को चुनाव में झोंक दिया। अब हार के डर से वे उसी नीतीश कुमार के नाम का सहारा ले रहे हैं, जिनकी तस्वीरें कथित तौर पर सरकारी और राजनीतिक पोस्टरों से गायब कर दी गई थीं। प्रशांत किशोर ने मतदाताओं से वीडियो को ध्यान से देखने की अपील करते हुए कहा कि यह वीडियो तकनीक के जरिए तैयार किया गया है।

प्रशांत किशोर के आरोपों पर पलटवार करते हुए जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज उम्मीदवार की जमानत जब्त होना तय है और इसी हताशा में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री पर निराधार आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति के साथ प्रशांत किशोर ने लंबे समय तक काम किया, उसी नेता का अपमान करने का प्रयास किया जा रहा है।

नीरज कुमार ने कहा कि भाजपा-एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आशीर्वाद लिया था और पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने कार्यों के आधार पर वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री के वीडियो को फर्जी बताना न केवल नीतीश कुमार का, बल्कि बांकीपुर की जनता की भावनाओं का भी अपमान है।

जदयू प्रवक्ता ने दावा किया कि अति पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक, पिछड़ा, सामान्य वर्ग तथा महिला मतदाताओं का विश्वास आज भी नीतीश कुमार के साथ है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के मतदाता एनडीए के पक्ष में मतदान करेंगे और चुनाव परिणाम यह साबित करेगा कि जनता पूर्व मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर भरोसा रखती है।

बता दें कि 30 जुलाई को होने वाले बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार शाम प्रचार थम जाएगा। ऐसे में मतदान से पहले दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

Share:

Leave A Reviews

Related News