Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

बेलग्रेड में इजरायली दूतावास के गार्ड पर चाकुओं से हमला, मारा गया हमलावर


बेलग्रेड, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। सर्बियाई पुलिस ने बुधवार को बताया कि राजधानी बेलग्रेड स्थित इजरायली दूतावास के सुरक्षा गार्ड पर चाकू से मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात हमला किया गया। अज्ञात हमलावर को बाद में मार गिराया गया।

बेलग्रेड, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। सर्बियाई पुलिस ने बुधवार को बताया कि राजधानी बेलग्रेड स्थित इजरायली दूतावास के सुरक्षा गार्ड पर चाकू से मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात हमला किया गया। अज्ञात हमलावर को बाद में मार गिराया गया।

स्थानीय मीडिया हाउस एन1 ने बताया कि उप प्रधानमंत्री और आंतरिक मामलों के मंत्री (कार्यवाहक) इवित्सा दचिच ने कहा कि पुलिस इस घटना को "आतंकवादी हमला" मान रही है। इसके बाद आतंकी खतरे के चलते प्रमुख स्थानों पर पुलिस की उपस्थिति बढ़ा दी गई है।

दचिच के मुताबिक एक अज्ञात नाबालिग ने जेंडरमेरी (एक प्रकार की अर्धसैनिक पुलिस) के सदस्य पर दो चाकुओं से हमला किया था। उन्होंने कहा, "कल आधी रात को बेलग्रेड में एक आतंकवादी हमला हुआ। इस हमले में इजरायली दूतावास की सुरक्षा में तैनात जेंडरमेरी के एक जवान को निशाना बनाया गया। इस घटना के बाद, आतंकवादी खतरे के स्तर को उच्चतम स्तर तक बढ़ा दिया गया है और महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि जेंडरमेरी अधिकारी ने हमलावर को मार गिराया, जो कि एक नाबालिग था।"

अज्ञात हमलावर को इस्लामिक स्टेट समर्थक बताते हुए दचिच ने बताया, "सर्बिया की सुरक्षा एजेंसियां ​​हमलावर पर नजर रख रही थीं। अपनी पड़ताल के आधार पर एजेंसियों ने कहा कि वह इस्लामिक स्टेट समूह का समर्थक था। हमलावर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस्लामिक स्टेट के समर्थन में काला झंडा रखा था।"

मंत्रालय के एक बयान अनुसार, अज्ञात नाबालिग के शबाक इलाके से होने का संदेह है। उसने धर्म विशेष का नारा लगाते हुए दो चाकुओं से जेंडरमेरी गार्ड पर हमला बोला था।

दचिच ने स्पष्ट किया, "मामले की जांच चल रही है और पूरी जानकारी बुधवार रात तक मिल जाएगी। चूंकि हमारे क्षेत्र में आतंकवादी हमला हुआ है, और आंतरिक मामलों के मंत्री के रूप में मेरी जिम्मेदारी है, इसलिए मैंने आतंकवादी खतरे के स्तर को उच्चतम स्तर—यानी 'रेड' लेवल—तक बढ़ा दिया है।"

आंतरिक मंत्री ने बताया कि इसका मतलब है कि सुरक्षा जांच को और कड़ा कर दिया गया है। महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और उन जगहों पर, जहां बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होते हैं, पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है।

सर्बियाई मंत्री के अनुसार वो और पुलिस महानिदेशक, जनरल ड्रैगन वासिलजेविच, घायल जेंडरमेरी अधिकारी से मिलने गए थे। सुरक्षाकर्मी की हालत ठीक है और बुधवार को अस्पताल से छुट्टी देकर घर भेज दिया जाएगा।

--आईएएनएस

केआर/

Date & Time : 2026-10-28 13:15:05

Share:

Leave A Reviews

Related News