बेंगलुरु, 17 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बेंगलुरु के अग्रहारा दसराहल्ली में एक 21 साल की शादीशुदा महिला के अपहरण के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस चौथे व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।
![]()
बेंगलुरु, 17 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बेंगलुरु के अग्रहारा दसराहल्ली में एक 21 साल की शादीशुदा महिला के अपहरण के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस चौथे व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।
इस संबंध में पश्चिम बेंगलुरु के डीसीपी यतीश एन. ने गुरुवार को जानकारी दी।
यतीश ने मीडिया से बातचीत में बताया कि महिला और उसके पति ने पहले शादी की थी और परिवार वालों के विरोध के बाद वे बेंगलुरु आ गए थे। यह जोड़ा शहर में बस गया था, जहां महिला का पति बिजली के सामान की दुकान चलाता था। बुधवार शाम को महिला घर पर अकेली थी और उसका पति काम पर गया था। शाम करीब 7:30 बजे, तीन लोग एक कार में आए, दूसरी मंजिल पर स्थित उसके घर गए, उसे खींचकर बाहर निकाला और जबरन गाड़ी में ले गए।
यतीश ने कहा, "जब स्थानीय लोगों ने उनसे सवाल किया और महिला को बचाने की कोशिश की, तो उन्होंने लोगों को धमकाया और महिला को ले गए।"
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने गाड़ी का पीछा करना शुरू किया। कार गोविंदराजनगर और विजयनगर इलाकों से गुजर रही थी और स्थानीय लोग उसका पीछा कर रहे थे।
भागने के दौरान, गाड़ी ने छह पैदल चलने वालों को टक्कर मार दी, जिससे वे घायल हो गए। डीसीपी ने बताया कि एक महिला को गंभीर चोटें आईं, जबकि बाकी लोगों को मामूली चोटें आईं। पुलिस अन्य गाड़ियों को हुए नुकसान के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। यह पीछा विजयनगर में खत्म हुआ, जब स्थानीय लोगों ने गाड़ी को रोक लिया और आरोपियों को पकड़ लिया। बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया।
यतीश ने कहा, "हमने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हमें चौथे आरोपी के बारे में जानकारी मिली है और हम विवरण की पुष्टि कर रहे हैं।"
स्थानीय लोगों के अनुसार, कार में चार लोग आए थे और महिला को जबरन ले गए थे। इसके बाद उन्होंने गाड़ी का पीछा किया; इस दौरान कार ने एक महिला और एक बच्चे को टक्कर मार दी। पुलिस ने मगदी रोड पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है और आगे की जांच कर रही है।
मकान मालिक महादेव ने बताया कि आरोपी किराए पर घर लेने के सिलसिले में एक परिचित व्यक्ति के माध्यम से इलाके में आए थे। उन्होंने मकान मालिक को बताया था कि उनके परिवार के सदस्य राजस्थान से वहां रहने के लिए आएंगे।
घर के मालिक ने पुलिस को बताया कि वे लोग तीन-चार दिन पहले घर आए थे और कहा था कि उनकी बहन राजस्थान से राखी बांधने आएगी। मालिक ने बताया कि अभी तक किराए का एग्रीमेंट नहीं हुआ था और वे इसे पूरा करने की प्रक्रिया में थे।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कथित अपहरण के समय कार में तीन लोग थे या चार, और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 21 साल की महिला के माता-पिता ने कथित तौर पर कुछ लोगों के एक ग्रुप को अपनी बेटी के अपहरण की सुपारी दी थी। महिला ने परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी की थी और बेंगलुरु में बस गई थी।
--आईएएनएस
एएसएच/डीएससी
Leave A Reviews