नैरोबी, 13 जून (आईएएनएस)। केन्या में भारत के उच्चायुक्त ने शनिवार को एल्डोरेट में आयोजित एक व्यावसायिक कार्यक्रम के दौरान भारत और केन्या के बीच मजबूत आर्थिक साझेदारी तथा भविष्य में इसके और विस्तार की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
![]()
नैरोबी, 13 जून (आईएएनएस)। केन्या में भारत के उच्चायुक्त ने शनिवार को एल्डोरेट में आयोजित एक व्यावसायिक कार्यक्रम के दौरान भारत और केन्या के बीच मजबूत आर्थिक साझेदारी तथा भविष्य में इसके और विस्तार की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
नैरोबी स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "भारत-केन्या चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईकेसीसी) के सहयोग से एल्डोरेट में भारत और केन्या के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक बिजनेस कार्यक्रम आयोजित किया गया।"
उच्चायोग ने आगे कहा, "उच्चायुक्त ने भारत और केन्या के बीच मजबूत आर्थिक साझेदारी और इसके आगे और विस्तार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। एल्डोरेट के भारतीय और केन्याई उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भारतीय कंपनियों के साथ अपने कारोबारी संबंधों की जानकारी दी और द्विपक्षीय व्यापार को और मजबूत करने के लिए कई सुझाव भी दिए।"
इस बैठक में काउंटी सरकार के प्रतिनिधियों, केन्या नेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (केएनसीसीआई) तथा भारत-केन्या चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईकेसीसी) के अध्यक्ष ने भी हिस्सा लिया।
शुक्रवार को भारतीय उच्चायुक्त ने एल्डोरेट यात्रा के दौरान उआसिन गिशु काउंटी के गवर्नर से भी मुलाकात की और सहयोग के विभिन्न अवसरों पर चर्चा की।
भारत के उच्चायोग, नैरोबी ने एक्स पर लिखा, "उच्चायुक्त ने एल्डोरेट यात्रा के दौरान उआसिन गिशु काउंटी के माननीय गवर्नर जोनाथन बी चेलेलिम से मुलाकात की।"
उच्चायोग ने बताया, "चर्चा का मुख्य विषय भारत-केन्या साझेदारी के व्यापक ढांचे के तहत भारत और उआसिन गिशु काउंटी के बीच सहयोग की संभावनाएं रहीं। विशेष रूप से कृषि एवं कृषि-प्रसंस्करण, स्वास्थ्य सेवाएं, खेल, शिक्षा और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में भारतीय निवेश आकर्षित करने पर विचार-विमर्श किया गया।"
उच्चायोग के अनुसार, "इस बैठक ने विभिन्न क्षेत्रों में भारत और केन्या के बीच बढ़ते सहयोग और भविष्य में और अधिक साझेदारी की संभावनाओं को रेखांकित किया।"
भारतीय उच्चायुक्त आदर्श स्वाइका ने एल्डोरेट में भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ भी बैठक की।
उन्होंने केन्या के सामाजिक और आर्थिक विकास में भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना की और उन्हें भारत और केन्या के बीच एक जीवंत सेतु बताया।
उच्चायोग ने कहा, "उच्चायुक्त ने भारतीय समुदाय को बताया कि भारत सरकार अपने विदेशों में बसे प्रवासी भारतीयों को कितना महत्व देती है। उन्होंने दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी और प्रवासी भारतीयों से 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य की यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया।"
--आईएएनएस
डीबीपी
Leave A Reviews