पटना, 27 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम चरण में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने भव्य रोड शो के जरिए अपनी चुनावी ताकत का प्रदर्शन किया।
![]()
पटना, 27 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम चरण में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने भव्य रोड शो के जरिए अपनी चुनावी ताकत का प्रदर्शन किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में निकले इस रोड शो में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रविशंकर प्रसाद, मंत्री संतोष कुमार सुमन, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
पटना के भट्टाचार्य मोड़ से शुरू हुआ रोड शो उमा सिनेमा, बुद्ध मूर्ति चौराहा, कदमकुआं, नाला रोड, ठाकुरबाड़ी रोड, रूपक सिनेमा और उद्योग भवन होते हुए मोना सिनेमा के पास पहुंचा, जहां यह एक चुनावी जनसभा में तब्दील हो गया। पूरे मार्ग में भाजपा और एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कई स्थानों पर नेताओं का पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के साथ स्वागत किया गया। घरों की छतों और बालकनियों से भी लोगों ने रोड शो का अभिवादन किया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए कहा कि बांकीपुर की जनता का उत्साह इस बात का संकेत है कि लोग विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जता रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लोगों के समर्थन के लिए आभार जताते हुए कहा कि बांकीपुर हमेशा भाजपा का मजबूत क्षेत्र रहा है। उन्होंने कहा कि रोड शो में उमड़ा जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि मतदाता भाजपा-एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में माहौल बना चुके हैं। उनके अनुसार, बांकीपुर की जनता विकास और सुशासन की राजनीति पर अपना विश्वास लगातार बनाए हुए है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और बिहार में विकास की नई गति देखने को मिली है। उन्होंने इसे भाजपा की नीतियों और कार्यों के प्रति जनता के विश्वास का प्रतीक बताया। रोड शो के दौरान सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्था की गई थी।
भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में यह जनसमर्थन मतदान के दिन भाजपा-एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में ऐतिहासिक जीत का आधार बनेगा।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएसएच
Leave A Reviews