पटना, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस बीच, एनडीए समर्थित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रत्याशी नीरज कुमार ने जीत का संकेत देते हुए विक्ट्री साइन दिखाया। वहीं, मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह की जीत का दावा किया।
![]()

पटना स्नातक सीट से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रत्याशी नीरज कुमार शुक्रवार सुबह अपने क्षेत्र के लिए रवाना हो रहे थे। इससे पहले उन्होंने मीडिया के सामने विक्ट्री साइन दिखाया। मतदान शुरू होने के साथ ही इस सीट पर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार और जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के बीच मुकाबले पर सबकी नजरें टिकी हैं।
इधर, जदयू विधायक अनंत सिंह ने चुनाव को लेकर कहा कि यह रसगुल्ला वाला चुनाव नहीं है। जनता मालिक है, भगवान है, और हमारी जीत होगी। जीत किसी दुकान में नहीं मिलती, वह जनता के पास है। इसलिए कहीं कोई दिक्कत नहीं है।
अनंत सिंह ने चुनाव में गड़बड़ी की आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा कि यह जनता का वोट है और कोई बेईमानी नहीं करेगा। अगर कोई ऐसा करने की कोशिश करेगा तो जनता आगे आकर जवाब दे देगी। उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर कहीं भी तनाव का माहौल नहीं है।
जदयू के वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह के नीरज कुमार के समर्थन में वीडियो जारी करने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने मोबाइल पर देखा कि वशिष्ठ नारायण सिंह बीमार हैं और उन्होंने लोगों से नीरज कुमार को वोट देने की अपील की है। वशिष्ठ नारायण सिंह पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उनकी बात पर कोई टिप्पणी नहीं करनी है।
हालांकि, अनंत सिंह ने इसके साथ ही जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह की जीत का दावा दोहराया। उन्होंने कहा कि अनुज सिंह पूर्ण बहुमत से चुनाव जीत रहे हैं। चुनाव में मतदाताओं की भागीदारी और रसगुल्ले को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि तीन जिलों से करीब 600 लोग आते हैं। ऐसे में गाड़ी का किराया लगता है और रसगुल्ले के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उन्होंने एक बार फिर कहा कि यह चुनाव जनता के समर्थन से जीता जाता है।
बता दें कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए ने जदयू के नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह को अनंत सिंह का समर्थन प्राप्त है। मतदान के बाद इस सीट के चुनावी नतीजों को लेकर राजनीतिक दलों और समर्थकों की निगाहें टिकी रहेंगी।
--आईएएनएस
एमएनपी/एसके
Leave A Reviews