Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

बिहार: पटना सरस मेले में कारोबार बढ़ाने के गुर सीख रहीं जीविका दीदियां, ऑनलाइन बाजार से जोड़ने की तैयारी


पटना, 24 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार सरस मेला ग्रामीण महिला उद्यमियों के लिए सिर्फ उत्पादों की खरीद-बिक्री का मंच नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर बाजार, ब्रांडिंग और ऑनलाइन कारोबार से जोड़ने का माध्यम भी बन रहा है।

पटना, 24 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार सरस मेला ग्रामीण महिला उद्यमियों के लिए सिर्फ उत्पादों की खरीद-बिक्री का मंच नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर बाजार, ब्रांडिंग और ऑनलाइन कारोबार से जोड़ने का माध्यम भी बन रहा है।

पटना के ज्ञान भवन में चल रहे मेले में प्रतिदिन आयोजित हो रहे क्रेता-विक्रेता संवाद कार्यक्रम में जीविका दीदियों को बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने, उनकी गुणवत्ता सुधारने और राष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने की जानकारी दी जा रही है।

ग्रामीण विकास विभाग के तत्वावधान में जीविका द्वारा आयोजित बिहार सरस मेला 29 सितंबर तक चलेगा। मेले में बिहार के अलावा झारखंड, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, पंजाब, असम, पश्चिम बंगाल, गुजरात, मणिपुर, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर की महिला उद्यमी हिस्सा ले रही हैं। यहां परिधान, हस्तशिल्प, सजावटी सामान, रसोई के उत्पाद, देशी व्यंजन, अचार-पापड़, मिलेट्स और मखाना सहित विभिन्न उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

गुरुवार को ज्ञान भवन सभागार में आयोजित क्रेता-विक्रेता संवाद में बाजार विशेषज्ञों और बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने जीविका दीदियों के उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, लेबलिंग, ब्रांडिंग, जीएसटी, ऑनलाइन बिक्री और निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा की।

कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि बाजार की मांग को समझकर उत्पादों में बदलाव और उनकी बेहतर पैकेजिंग के जरिए बिक्री का दायरा बढ़ाया जा सकता है। संवाद कार्यक्रम में जीविका दीदियों को ऑनलाइन बाजार से जोड़ने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। इसके लिए पहली बार कंपनियों के प्रतिनिधियों को सरस मेले में आमंत्रित किया गया है।

आने वाले दिनों में जीविका और संबंधित कंपनियों के बीच संभावित सहयोग को लेकर योजना तैयार की जाएगी। योजना के आधार पर कंपनियों और जीविका के बीच एमओयू किए जाने की संभावना है। मेले में उत्पादों की बिक्री भी लगातार बढ़ रही है।

चार दिनों में खरीद-बिक्री का आंकड़ा एक करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। बुधवार को अकेले 30.48 लाख रुपये से अधिक का कारोबार हुआ और 28 हजार से ज्यादा लोगों ने मेले का भ्रमण किया।

राजस्थान के चूरू जिले की पुष्पा देवी के लोहे से बने रसोई उत्पादों के स्टॉल पर भी ग्राहकों की भीड़ जुट रही है। चार दिनों में उनके स्टॉल से ढाई लाख रुपये से अधिक के सामान की बिक्री हुई, जबकि 23 सितंबर को ही 82 हजार रुपये से अधिक का कारोबार हुआ।

मेले में डिजिटल भुगतान की सुविधा के साथ ग्राहक सेवा केंद्र भी संचालित है। इस तरह सरस मेला ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को बाजार देने के साथ उन्हें कारोबार की नई संभावनाओं और आधुनिक विपणन से जोड़ने का मंच बन रहा है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच

Date & Time : 2026-09-24 20:35:03

Share:

Leave A Reviews

Related News