
बीना। सागर जिले के आगासौद थाना अंतर्गत बेतवा नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। शव हांसलखेड़ी गांव के पास नदी के किनारे मिला है, जो करीब तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
घटना की जानकारी सोमवार शाम को तब सामने आई, जब हांसलखेड़ी निवासी कमल सिंह ठाकुर अपने खेत पर गए थे। उनका खेत बेतवा नदी के पास स्थित है। नदी किनारे एक अज्ञात शव को तैरता देख उन्होंने तुरंत इसकी सूचना गांव के कोटवार को दी। कोटवार की सूचना मिलते ही आगासौद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। शव की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी, जिससे पुलिस का अनुमान है कि यह करीब 3 से 4 दिन पुराना है। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है। मंगलवार को डॉक्टरों की टीम द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
थाना प्रभारी नितिन पाल के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने आसपास के सभी थानों और जिलों में मृतक का हुलिया और जानकारी भेज दी है ताकि गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान किया जा सके।
Leave A Reviews